{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan : ओटी में घुसी भीड़, डॉक्टर्स को पीटा, IMA प्रदेशाध्यक्ष के कपड़े फाड़े 

 

RNE Udaipur.

राजस्थान के उदयपुर में मंगलवार रात एक निजी अस्पताल हिंसा का अखाड़ा बन गया। इलाज में कथित लापरवाही से नाराज परिजनों और समर्थकों की भीड़ ने जेपी ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल में घुसकर जमकर हंगामा किया, तोड़फोड़ की और डॉक्टरों के साथ मारपीट की। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर पहुंचे इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता को भी भीड़ ने नहीं बख्शा। उन्हें सड़क पर घसीटा और कपड़े फाड़ डाले।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे प्रदेश के चिकित्सा जगत में रोष फैल गया है। डॉक्टरों ने दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन और हड़ताल की चेतावनी दी है।

मामला यह है: 

जानकारी के अनुसार उदयपुर जिले के लसाड़िया क्षेत्र के निवासी और कपड़ा व्यापारी कुलदीप जैन (50) मंगलवार सुबह बाइक से उदयपुर आ रहे थे। रास्ते में नीलगाय के अचानक सामने आने से बाइक असंतुलित हो गई और वे घायल हो गए। दोनों हाथों में फ्रैक्चर होने पर उन्हें एम्बुलेंस से जेपी ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल लाया गया।

परिजनों का कहना है कि घायल व्यापारी शाम करीब 4 बजे तक पूरी तरह होश में थे और ऑपरेशन के लिए खुद चलकर अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उनकी हालत बिगड़ गई और वे होश में नहीं आए। डॉक्टरों से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर परिजन उन्हें रात में दूसरे अस्पताल ले गए।

रात को भड़का गुस्सा, OT तक पहुंची भीड़ : 

व्यापारी के परिजनों और रिश्तेदारों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए रात करीब 9 बजे अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग अस्पताल परिसर में जमा हो गए। आरोप है कि कुछ लोग ऑपरेशन थिएटर तक पहुंच गए और वहां मौजूद डॉक्टरों से मारपीट की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टरों और स्टाफ ने खुद को बचाने की कोशिश की, जबकि पुलिस को हालात संभालने के लिए मौके पर पहुंचना पड़ा।

IMA प्रदेशाध्यक्ष भी बने निशाना : 

हंगामे की सूचना मिलने पर IMA के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता अस्पताल पहुंचे। उनका आरोप है कि वे डॉक्टरों की सुरक्षा और स्थिति समझने के लिए वहां गए थे, लेकिन भीड़ ने उन्हें भी घेर लिया।

डॉ. गुप्ता के अनुसार, 10 से 15 लोगों ने उनके साथ मारपीट की, कपड़े फाड़ दिए और सड़क तक घसीटा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब पुलिस की मौजूदगी में हुआ। घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं।

तीन डॉक्टरों से मारपीट का आरोप : 

डॉ. आनंद गुप्ता ने दावा किया कि भीड़ ने ऑपरेशन थिएटर में घुसकर डॉ. नवीन गोयल को बंद कर दिया और उनके साथ मारपीट की। इसके अलावा अस्पताल संचालक डॉ. जेपी शर्मा, उनके पुत्र डॉ. कनिष्क शर्मा और अन्य स्टाफ सदस्यों को भी निशाना बनाया गया।

डॉक्टरों का अल्टीमेटम : 

  • घटना के बाद उदयपुर के डॉक्टरों ने आरएनटी मेडिकल कॉलेज में बैठक की और फिर पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
  • एसपी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जांच समिति गठित की है, जिसे पांच दिन में रिपोर्ट देने और आरोपियों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं।
  • IMA प्रदेशाध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर के डॉक्टर बड़े आंदोलन और हड़ताल का रास्ता अपना सकते हैं।