Rajasthan Fake Currency Case : निकाय चुनाव में नकली नोट खपाने की तैयारी? कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता के बेटे सहित 04 गिरफ्तार, 4.30 लाख की खेप बरामद
Rudra News Express Jaipur.
राजस्थान की राजधानी जयपुर में नकली नोटों की बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई है। पुलिस ने 4 लाख 30 हजार 500 रुपए के नकली नोटों के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आरसी चौधरी का बेटा साहिल चौधरी भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, नकली नोटों की यह खेप *यपुर के आगामी निकाय चुनाव में खपाने की तैयारी में थी। मामले में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट किस नेटवर्क के जरिए जयपुर पहुंचे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
500-500 के 861 नकली नोट बरामद :
बजाज नगर थाना पुलिस और सीएसटी की टीम ने शुक्रवार देर रात कार्रवाई करते हुए चार युवकों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 500 रुपए के 861 नकली नोट बरामद किए गए। इनकी कुल कीमत 4,30,500 रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर भी जब्त की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीकर निवासी साहिल चौधरी और हरियाणा निवासी अंशुल, प्रियांशु और आकाश के रूप में हुई है।
बांग्लादेश से जयपुर पहुंची नकली नोटों की खेप :
पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नकली नोटों की यह खेप बांग्लादेश से भारत पहुंची थी। इसके बाद नकली नोटों को अलग-अलग राज्यों में सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस पूछताछ में गिरोह के कथित सरगना का नाम रोहतक निवासी अमन राणा सामने आया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि साहिल चौधरी और अन्य गिरफ्तार आरोपियों की इस नेटवर्क में क्या भूमिका थी।
चुनाव में कहां खपाए जाने थे नोट?
जांच का सबसे अहम पहलू यह है कि नकली नोटों को जयपुर निकाय चुनाव के दौरान कहां और किसके जरिए खपाने की तैयारी थी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गिरफ्तार आरोपियों के संपर्क में कौन-कौन लोग थे और नकली नोटों की इससे पहले कितनी खेप जयपुर या राजस्थान पहुंच चुकी है।फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना :
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता के बेटे का नाम सामने आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि पुलिस अपनी कानूनी कार्रवाई करेगी, लेकिन राजनीतिक दल को भी इस मामले में विचार करना चाहिए।