{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan govt announcement :  राजस्थान सरकार ने पूर्व सैनिकों को दी सौगात, जोधपुर में बनेगा प्रदेश का दूसरा इंटीग्रेटेड सैनिक कॉम्प्लेक्स

प्रदेश का पहला इंटीग्रेटेड सैनिक कॉम्प्लेक्स करीब दो वर्ष पूर्व डीडवाना में शुरू किया गया था

 

राजस्थान सरकार ने बजट 2026 में पूर्व सैनिकों को बड़ी सौगात दी है। बजट में राजस्थान सरकार की तरफ से जोधपुर  में प्रदेश का दूसरा इंटीग्रेटेड सैनिक कॉम्प्लेक्स स्थापित करने की घोषणा की है। उप मुख्य मंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी ने इसकी घोषणा की। प्रदेश का पहला इंटीग्रेटेड सैनिक कॉम्प्लेक्स करीब दो वर्ष पूर्व डीडवाना में शुरू किया गया था।

जोधपुर में प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स राइका बाग रेलवे स्टेशन के सामने स्थित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय परिसर में बहुमंजिला भवन के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रारंभिक रूप से सैनिक कल्याण कार्यालय की ओर से 15 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे बढ़ाकर करीब 19 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

इस परिसर में सैनिक कल्याण कार्यालय, पूर्व सैनिकों के लिए पॉलीक्लीनिक, सीएसडी कैटीन, ई-मित्र की तर्ज पर कॉमन सर्विस सेंटर, सैनिकों के ठहरने की सुविधा, निःशुल्क कानूनी सलाह केंद्र, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तथा वीरांगनाओं व शहीद सैनिकों की विधवाओं के लिए स्किल डवलपमेंट सेंटर स्थापित किए जाएंगे। ताकि पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को अलग-अलग स्थानों पर भटकना न पड़े।

पहले चरण में जोधपुर, शेरगढ़ और झुंझुनूं में ऐसे परिसर प्रस्तावित है, जबकि आगामी चरणों में फलोदी, टॉक, खैरथल, ब्यावर और श्रीगंगानगर को शामिल किया जाएगा। पहले चरण के लिए सरकार ने 36 करोड़ रु प्रस्तावित किए है। राजस्थान सरकार की इस घोषणा से प्रदेश के लाखों पूर्व सैनिक व उसके परिवार के आश्रित लोग लाभावंति होंगे। 

मेजर शैतानसिंह कौशल विकास केंद्र खुलेगा

इसके साथ ही बजट में जोधपुर में मेजर शैतान सिंह कौशल विकास एवं प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की भी घोषणा की गई है। इस केंद्र में वीरांगनाओं, पूर्व सैनिकों की विधवाओं और उनके आश्रितों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और कौशल विकास का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। गौरतलब है कि हाल ही परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतानसिंह पर बनी 120 बहादुर फिल्म भी प्रदर्शित हुई है।