{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan Jobs : राजस्थान के इन कर्मचारियों के आश्रितों को सरकार देगी नौकरी, मेडिकल बोर्ड के प्रमाण पत्र से होंगे पात्र 

 

राजस्थान सरकार की तरफ से कर्मचारियों के आश्रितों के लिए अहम फैसला लिया है। इस फैसले के तहत कर्मचारी के आश्रित को अनुकंपा के आधार पर नौकरी करने का मौका दिया जाएगा। इसके कारण राजस्थान के काफी कर्मचारियों के आश्रित को लाभ मिलने वाला है। राजस्थान के विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार राजकीय कार्मिकों के हितों के लिए पूर्ण संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।

बजट 2026-27 में कार्मिकों के लिए घोषणाएं की गई हैं। इनमें ‘राजकीय कार्मिक नौकरी करने में किसी कारणवश पूर्ण रूप से असमर्थ हो जाता है और मेडिकल बोर्ड उसे प्रमाणित करता है तो राज्य सरकार नए नियम बनाकर उसके पात्र आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देगी।

शून्य काल के दौरान विधि एवं विधिक कार्य मंत्री ने विधायक अमित चाचाण द्वारा लाए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर जवाब दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में एक पुलिस कॉन्स्टेबल श्री सुभाष ड्यूटी के दौरान अस्वस्थ हो गए थे, वे अभी तक कोमा में हैं।

पटेल ने कहा कि कार्मिक के परिवारजनों ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया था, लेकिन उस समय में इस तरह के मामले में नियुक्ति देने संबंधी नियम नहीं थे। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि पात्र आश्रित व्यक्ति अनुकंपा नियुक्ति के लिए पुनः आवेदन करें। राज्य सरकार आश्रित को नियुक्ति देने का पूर्ण प्रयास करेगी।