Rajasthan को WHO ने तम्बाकू नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य के लिए किया सम्मानित
वर्ल्ड नो टोबैको डे-2026 पर मिला पहला पुरस्कार
RNE Jaipur-Rajasthan.
राजस्थान ने तम्बाकू नियंत्रण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में पहला स्थान प्राप्त किया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को “वर्ल्ड नो टोबैको डे-2026” के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया है।
राज्य सरकार द्वारा तम्बाकू नियंत्रण को लेकर चलाए गए व्यापक अभियान और नवाचारों को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया। राजस्थान ने तम्बाकू नियंत्रण के क्षेत्र में ऐसा मॉडल विकसित किया है, जिसकी सराहना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर की जा रही है।
500 से ज्यादा तम्बाकू मुक्ति केन्द्र :
राज्य में तम्बाकू सेवन छोड़ने के लिए 500 से अधिक तम्बाकू मुक्ति उपचार एवं परामर्श केन्द्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केन्द्रों को जियो टैग कर डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है, ताकि लोग आसानी से नजदीकी केन्द्र की जानकारी प्राप्त कर सकें।
83 हजार स्कूलों में तम्बाकू मुक्त अभियान :
प्रदेश के 83 हजार से अधिक स्कूलों में तम्बाकू मुक्त विद्यालय संबंधी निर्देशों की पालना सुनिश्चित की गई है। बच्चों और युवाओं को तम्बाकू के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाए गए।
ढाई लाख से ज्यादा जागरूकता गतिविधियां :
राज्यभर में तम्बाकू मुक्ति को लेकर 2.50 लाख से अधिक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें रैलियां, कार्यशालाएं, नुक्कड़ नाटक, शपथ अभियान और सामुदायिक कार्यक्रम शामिल रहे।
गांव-गांव तक पहुंचा अभियान :
राजस्थान सरकार ने “तम्बाकू मुक्त ग्राम अभियान” को आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना से जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में भी जनभागीदारी बढ़ाई है। इसके जरिए गांव स्तर पर लोगों को तम्बाकू के नुकसान और स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह सम्मान राज्य सरकार की जनस्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता और व्यापक जनसहभागिता का परिणाम है।