{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan: पश्चिमी विक्षोभ का असर, कई जिलों में आंधी-बारिश व ओलावृष्टि से गर्मी से राहत

 

RNE Network.
 

राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। अलवर, चूरू, कोटा, खैरथल, तिजारा, दौसा, बालोतरा और बूंदी में तेज आंधी के साथ ओले गिरने की घटनाएं सामने आईं।

वहीं भरतपुर में गुरुवार सुबह से ही मौसम बदला रहा, जहां आकाशीय बिजली की गड़गड़ाहट के साथ तेज बारिश हुई और ठंडी हवाओं ने तापमान को नीचे ला दिया। पाली में सुबह से ठंडी हवाएं चल रही हैं और आसमान में बादल छाए हुए हैं। बुधवार देर शाम शहर के कई इलाकों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश हुई, वहीं कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।

कोटा में भी आंधी, बारिश और ओले गिरने से तापमान में गिरावट आई है। बाड़मेर और बारां में बुधवार शाम धूलभरी आंधी चली, जिसके बाद हल्की बारिश हुई। बालोतरा में भी बारिश के साथ ओले गिरने की सूचना है। मौसम में आए इस बदलाव से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं लोगों को तेज गर्मी से काफी राहत मिली है।