{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan: घरेलू गैस डिलीवरी पर मंत्री सुमित गोदारा का बड़ा निर्णय, फर्जी बुकिंग रुकेगी 

 
RNE Jaipur - Bikaner.
राजस्थान में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति को और पारदर्शी व व्यवस्थित बनाने के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बड़ा निर्णय लिया है। गुरुवार को सचिवालय में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को लेकर विभागीय अधिकारियों और गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अब बिना ओटीपी सत्यापन और डायरी में एंट्री किए किसी भी उपभोक्ता को घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जाएगी।

 

मंत्री ने बताया कि यह कदम फर्जी बुकिंग और सिलेंडरों के डाइवर्जन को रोकने के लिए उठाया गया है, जिससे वास्तविक उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 1300 गैस एजेंसियों के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं तक निरंतर गैस आपूर्ति की जा रही है और बुकिंग के तीन से चार दिनों के भीतर सिलेंडर पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों का हवाला देते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि किसी भी उपभोक्ता को गैस की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों, अन्नपूर्णा रसोइयों और धार्मिक स्थलों को रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। सरकार द्वारा कालाबाजारी, डाइवर्जन और अवैध भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
मंत्री ने गैस कंपनियों को निर्देश दिए कि फील्ड अधिकारी नियमित रूप से गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण करें। साथ ही, प्रतिदिन कम से कम एक एजेंसी का जिओटैगिंग के साथ निरीक्षण कर रिपोर्ट विभाग को भेजी जाए, ताकि व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के शासन सचिव अम्बरीष कुमार ने बताया कि प्रदेश में प्रतिदिन डिलीवर होने वाले घरेलू गैस सिलेंडरों की संख्या में कोई कमी नहीं आई है। लगातार मॉनिटरिंग के कारण आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी हुई है और उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल रही है।
गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बैठक में बताया कि नियमित आपूर्ति के चलते अब बुकिंग का दबाव भी कम हुआ है, जिससे सर्वर बेहतर तरीके से काम कर रहे हैं और उपभोक्ताओं को बुकिंग में आसानी हो रही है।