{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan New Station : राजस्थान के इस रेलवे स्टेशन का 81.51 करोड़ से होगा कायाकल्प, तैयार किया प्लान 

उत्तर-पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ शनिवार को आबूरोड स्टेशन पर पहुंचे। उन्होंने यहां अधिकारियों की बैठक ली। महाप्रबंधक ने तकनीकी, निर्माण समेत विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों से 81.51 करोड़ की लागत से होने वाले स्थानीय स्टेशन के सुदृढ़ीकरण को लेकर चर्चा की
 

उत्तर-पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ शनिवार को आबूरोड स्टेशन पर पहुंचे। उन्होंने यहां अधिकारियों की बैठक ली। महाप्रबंधक ने तकनीकी, निर्माण समेत विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों से 81.51 करोड़ की लागत से होने वाले स्थानीय स्टेशन के सुदृढ़ीकरण को लेकर चर्चा की।

उन्होंने स्टेशन के नवीनीकरण के लिए बनाए ले-आउट के अनुसार किस तरह निर्माण कार्य करवाए जाने है, इस बारे में मागदर्शन किया। स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर ले-आउट प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर अजमेर मंडल के डीआरएम राजू भूतड़ा समेत मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अस्थाई यात्री प्रतीक्षालय के निर्देश

महाप्रबंधक अमिताभ ने स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन परिसर में उन स्थानों को देखा जहां पुनर्विकास कार्यों के तहत बदलाव किए जाएंगे। एक यात्री प्रतीक्षालय में शौचालय व वाश बेसिन को देख सुधार के निर्देश दिए। एसी वेटिंग हॉल का अवलोकन कर यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। महाप्रबंधक ने यात्री सुविधाओं के लिए एक और अस्थाई प्रतिक्षालय सुविधा के निर्देश दिए।

स्टेशन मास्टर कार्यालय के ऊपर शेड की डिजायन को लेकर अधिकारियों से पूछा। इस पर अधिकारियों ने पूर्व में इस मामले में चर्चा होने से अवगत करवाया। महाप्रबधंक ने सामुदायिक भवन परिसर में नवनिर्मित भवन का उ‌द्घाटन किया। यहां पत्थर से निर्मित करीब 100 वर्ष पुराने कर्मचारियों के आवासीय क्वार्टरों को नया लुक देकर उपयोगी बनाया है।

ये होंगे पुनर्विकास कार्य

रेल मंत्रालय की ओर से स्वीकृत की गई कुल 81.51 करोड़ की राशि में से आबूरोड स्टेशन पर 74.87 करोड़ निर्माण, 75 लाख यूटिलिटी सर्विसेज, 19 लाख आर्ट वर्क, 75 लाख करोड़ डिजाइन चार्ज, 7 लाख ग्रीन बिल्डिंग सर्टिफिकेशन, 75 लाख फर्नीचर, 77 लाख कंटीन्जेंसीज और 3.36 लाख डिपार्टमेंटल चार्जेज पर खर्च होंगे।