Rajasthan : एक भी शहर राष्ट्रीय स्वच्छता रैंकिंग के टॉप-3 में नहीं, जयपुर प्रदेश में टॉप, देश में पिछड़ा!
स्वच्छता अवार्ड : जयपुर को मिला स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी अवॉर्ड, राष्ट्रीय स्तर पर टॉप-20 में भी नहीं!
Rudra News Express Jaipur.
स्वच्छता के मामले में राजस्थान के शहरों को बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि नहीं मिल सकी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश का कोई भी शहर राष्ट्रीय स्तर की प्रमुख श्रेणियों में टॉप-3 में जगह नहीं बना पाया। हालांकि जयपुर को राजस्थान का स्वच्छतम शहर घोषित करते हुए 'स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी' अवॉर्ड दिया गया है।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जयपुर को यह सम्मान प्रदान किया। नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा, जयपुर नगर निगम के मेयर सुनील कोठारी, प्रमुख शासन सचिव रवि जैन और नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने पुरस्कार प्राप्त किया।
प्रदेश में जयपुर टॉप, राष्ट्रीय मुकाबले में पिछड़ा :
हालांकि जयपुर को राजस्थान का सबसे स्वच्छ शहर होने का गौरव मिला है, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। 10 लाख से अधिक आबादी वाले देश के तीन सबसे स्वच्छ शहरों में जयपुर शामिल नहीं हो सका। पिछली बार जयपुर ग्रेटर और हेरिटेज की रैंकिंग टॉप-20 में रही थी।
कचरा प्रबंधन और संग्रहण के लिए सम्मान :
जयपुर को यह सम्मान ठोस कचरा प्रबंधन, घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, वाटर मैनेजमेंट, सार्वजनिक स्थलों की सफाई और नागरिक सहभागिता जैसे कार्यों के लिए मिला है। जयपुर में एक दिन में 6,000 टन कचरा उठाने का रिकॉर्ड भी बनाया गया था। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने में नगर निगम के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वच्छता मित्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिकों की भूमिका बताई गई है।