Rajasthan Police : 02 दिन, 810 नाकाबंदी पॉइंट्स, 47 हजार से ज्यादा वाहनों की जांच, 11,504 कार्रवाई, 274 गिरफ्तार
757 को शराब पीकर वाहन चलाते पकड़ा, 1667 बिना हेलमेट वालों का चालान, 1484 ने सीट बेल्ट नहीं लगाया, 191 मोबाइल पर बात करते गाड़ी चला रहे थे, 1438 संदिग्ध या बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, 1017 काली फिल्म लगी गाड़ियां पकड़ी
उदयपुर कार्रवाई करने में सबसे टॉप, बीकानेर रेंज सबसे पीछे
16 मई को शाम 7 बजे से लेकर रात 10 बजे तक भरतपुर, उदयपुर व कोटा रेंजों में कार्रवाई!
17 मई प्रातः 3 से 6 तक को बीकानेर, जोधपुर व जयपुर रेंजों के सभी प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग।
RNE Jaipur-Rajasthan.
राजस्थान पुलिस की ओर से प्रदेशभर में दो दिवसीय मेगा नाकाबंदी अभियान चलाया गया। इसके तहत कुल 810 नाकाबंदी पॉइंट्स लगाकर 47 हजार से ज्यादा वाहनों की जांच की गई। वहीं 274 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कानून एवं व्यवस्था वी के सिंह ने बताया कि शनिवार 16 मई को शाम 7 बजे से लेकर रात 10 बजे तक भरतपुर, उदयपुर व कोटा रेंजों में तथा रविवार 17 मई प्रातः 3 से लेकर 6 तक को बीकानेर, जोधपुर व जयपुर रेंजों के सभी प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग की गई। अभियान के तहत पुलिस ने दोपहिया और चौपहिया वाहनों की व्यापक जांच करते हुए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार प्रदेशभर में कुल 24,573 दोपहिया और 22,531 चौपहिया वाहनों की जांच की गई। नाकाबंदी अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने, फर्जी या बिना नंबर प्लेट और काली फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 11,504 मोटर व्हीकल एक्ट की कार्रवाई की। इनमें 757 शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर, 1667 बिना हेलमेट चालकों पर, 1484 बिना सीट बेल्ट, 191 मोबाइल पर बात करते वाहन चालक, 1438 संदिग्ध या बिना नंबर प्लेट वाले वाहन तथा 1017 काली फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शामिल रही।
नाकाबंदी अभियान में उदयपुर रेंज सबसे सक्रिय रही, जहां 2647 एमवी एक्ट कार्रवाई की गई, जबकि अजमेर रेंज में 2576 कार्रवाई दर्ज हुई। जयपुर रेंज में 1795, कोटा में 1768, भरतपुर रेंज में 1735, जोधपुर रेंज में 968 और बीकानेर रेंज में 15 कार्रवाई कर नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कसा गया। अभियान के दूसरे चरण में पुलिस ने अपराधियों, तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष कार्रवाई करते हुए कुल 274 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 12 प्रकरण आर्म्स एक्ट, 41 आबकारी अधिनियम के, 10 एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण तथा 62 अन्य विशेष एवं स्थानीय कानूनों के तहत मामले दर्ज किए गए। जिसमें 73 अपराधियों को विभिन्न एफआईआर और प्रकरणों में गिरफ्तार किया गया, जबकि 170 बीएनएसएस के तहत 201 व्यक्तियों को निरोधात्मक कार्रवाई में पकड़ा गया।
अभियान के दौरान कई स्थानों पर अवैध हथियार, शराब और संदिग्ध वाहन भी जब्त किए गए। कोटा रेंज में 5 धारदार हथियार, 120 पव्वे देशी शराब, 2 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। वहीं 27 वाहनों को जब्त कर कार्रवाई की गई। भरतपुर रेंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बरामद की और एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत 61 संदिग्ध वाहनों को सीज किया। एडीजी सिंह ने कहा कि अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार के संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।