Rajasthan Police : दुल्हन दिलाने के नाम पर ठगता था, राजस्थान पुलिस ने दबोचा
दुल्हन ठगी सिंडिकेट पर वार, 10 हजार का ईनामी गिरफ्तार
RNE Jaipur.
राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय दुल्हन ठगी सिंडिकेट के वांछित आरोपी महावीर सुथार को जयपुर के मानसरोवर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर बालोतरा पुलिस द्वारा 10,000 रुपये का इनाम घोषित था।
यूं रची गिरफ्तारी की रणनीति
पूरी कार्रवाई एडीजी बिपिन कुमार पाण्डेय के निर्देशन और एसपी ज्येष्ठा मैत्रयी के सुपरविजन में की गई। टीम ने जयपुर के भारत माता सर्किल पर जाल बिछाकर आरोपी को दबोचा। लंबे समय से फरार चल रहे महावीर की तलाश में पुलिस लगातार प्रयासरत थी।
शादी कराने 2.50 लाख लिए, फरार हुआ
आरोपी ने अपने गिरोह के साथ मिलकर सितंबर 2023 में बालोतरा निवासी मगाराम से शादी के नाम पर 2.50 लाख रुपये की ठगी की थी। दुल्हन बनाकर शादी रचाने और बाद में फरार होने का यह पूरा खेल सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया था।
पांच राज्यों में फैला नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह ठगी गिरोह राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, असम और झारखंड सहित पांच राज्यों में सक्रिय है। गिरोह भोले-भाले लोगों को शादी का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठता था।
इस कार्रवाई में एसआई शैलेंद्र शर्मा, कांस्टेबल बृजेश शर्मा सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। राजस्थान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इनामी अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत संगठित अपराध के समूल नाश के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।