{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan Rajya Sabha Election : सतीश पूनिया, अलका सिंह, नीरज डांगी बने राज्यसभा सदस्य 

 
RNE Jaipur
राजस्थान की तीन राज्यसभा सीटों के लिए हुए द्विवार्षिक चुनाव में गुरुवार को राजनीतिक तस्वीर साफ हो गई। नाम वापसी की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद भारतीय जनता पार्टी की डॉ. अलका सिंह और डॉ. सतीश पूनिया तथा कांग्रेस के नीरज डांगी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। इसके साथ ही राज्यसभा चुनाव बिना मतदान के ही संपन्न हो गया।

राज्यसभा निर्वाचन के रिटर्निंग ऑफिसर एवं विधानसभा सचिव भारत भूषण शर्मा ने विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में तीनों निर्वाचित प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपे। तीन सीटों के मुकाबले केवल तीन ही वैध उम्मीदवार मैदान में रहने से चुनाव की नौबत नहीं आई और सभी प्रत्याशी निर्विरोध राज्यसभा पहुंच गए।

यह परिणाम विधानसभा में दलों की मौजूदा संख्या बल के अनुरूप रहा। भाजपा ने दो सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारकर दोनों सीटें अपने खाते में कर लीं, जबकि कांग्रेस ने एक सीट पर दावा पेश किया था और उसके उम्मीदवार नीरज डांगी भी निर्विरोध निर्वाचित हो गए।

राजनीतिक दृष्टि से भाजपा के लिए यह परिणाम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी ने संगठन और राजनीतिक अनुभव का संतुलन साधते हुए पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया और डॉ. अलका सिंह को राज्यसभा भेजा है। वहीं कांग्रेस ने अनुभवी नेता नीरज डांगी पर भरोसा जताते हुए उन्हें पुनः संसद के उच्च सदन में भेजने में सफलता प्राप्त की है।