{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan: RAS पिंकी मीणा को फिर झटका: जॉइनिंग से पहले ही APO

 

 

Rudra News Express Jaipur-Dausa.

राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) की चर्चित अधिकारी पिंकी मीणा को राज्य सरकार ने एक बार फिर बड़ा झटका दिया है। दौसा में सहायक कलक्टर (मुख्यालय) के पद पर पोस्टिंग मिलने के महज दो दिन बाद ही उन्हें APO कर दिया गया। खास बात यह है कि वह नई पोस्टिंग पर जॉइन भी नहीं कर पाई थीं।

कार्मिक विभाग की ओर से 13 अगस्त 2026 को जारी आदेश में पिंकी मीणा को प्रशासनिक कारणों से आगामी आदेश तक पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा (APO) में रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें जयपुर स्थित कार्मिक विभाग में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने को कहा गया है।

183 RAS अधिकारियों की तबादला सूची में मिली थी पोस्टिंग :

हाल ही में जारी 183 RAS अधिकारियों की तबादला सूची में पिंकी मीणा को सवाई माधोपुर के प्रशासनिक सुधार विभाग से हटाकर दौसा में सहायक कलक्टर (मुख्यालय) लगाया गया था। लेकिन पोस्टिंग के दो दिन बाद ही सरकार ने आदेश बदलते हुए उन्हें APO कर दिया।

पोस्टिंग के बाद सोशल मीडिया पर उठे थे सवाल :

दौसा में दोबारा पोस्टिंग मिलने के बाद पिंकी मीणा को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई थीं। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़े जमीन अधिग्रहण मामले में रिश्वत प्रकरण के कारण उनका नाम पहले भी काफी चर्चा में रहा है। नई पोस्टिंग के बाद उनकी तैनाती को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी सवाल उठाए जा रहे थे।

5 साल से ज्यादा निलंबन के बाद जून में हुई थीं बहाल :

पिंकी मीणा वर्ष 2021 में बांदीकुई एसडीएम रहते हुए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे निर्माण से जुड़े जमीन अधिग्रहण मामले में कथित 10 लाख रुपये रिश्वत प्रकरण में एसीबी कार्रवाई के बाद गिरफ्तार हुई थीं। इसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था।

करीब साढ़े पांच साल के निलंबन के बाद जून 2026 में उन्हें सेवा में बहाल किया गया। बहाली के बाद उन्हें सवाई माधोपुर में पोस्टिंग दी गई थी। इसके बाद प्रशासनिक फेरबदल में उन्हें दौसा भेजा गया, लेकिन वहां जॉइनिंग से पहले ही APO कर दिया गया।

अब प्रशासनिक हलकों में फिर चर्चा :

बहाली के महज दो महीने के भीतर पोस्टिंग बदलने और फिर नई तैनाती पर जॉइन करने से पहले ही APO किए जाने के बाद पिंकी मीणा को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं।