Rajasthan Record Income : 7,047.27 करोड़ GST-VAT, एक माह में अब तक की सबसे बड़ी कमाई!
1 जुलाई 2017 के बाद अब तक का सर्वाधिक मासिक GST एवं VAT राजस्व
राजस्थान मालामाल : 09 साल बाद एक महीने में इतनी कमाई!
Rajasthan Record Income : 7,047.27 करोड़ GST-VAT वसूला, एक माह में अब तक की सबसे बड़ी कमाई!
Rudra News Express Jaipur.
राजस्थान के कर विभाग ने रेवन्यू कलेक्शन में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। अक्टूबर 2026 में प्रदेश ने जीएसटी लागू होने (1 जुलाई 2017) के बाद अब तक का सर्वाधिक मासिक GST एवं VAT राजस्व संग्रहण दर्ज किया है। इस माह प्रदेश को कुल 7,047.27 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जो जीएसटी लागू होने के बाद किसी भी एक माह में अर्जित अब तक का सर्वाधिक राजस्व है।
ऐसे बढ़ी आय :
राजस्थान सरकार का दावा है कि मुख्यमंत्री भजनलाल के निर्देशों के अनुरूप राजस्व संग्रहण को बढ़ावा देने, कर अनुपालन सुनिश्चित करने तथा कर चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कर विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रमुख शासन सचिव के स्तर पर राजस्व संग्रहण की नियमित समीक्षा, अधिकारियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण तथा प्रगति की सतत मॉनिटरिंग से विभागीय कार्यप्रणाली में और अधिक प्रभावशीलता आई है। साथ ही, करदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और कर प्रशासन को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
पिछला रिकॉर्ड तोड़ा :
विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर 2026 का राजस्व संग्रहण मार्च 2026 में दर्ज 6,826.60 करोड़ रुपये के पूर्व सर्वाधिक मासिक संग्रहण से भी 220.67 करोड़ रुपये अधिक रहा। इस प्रकार विभाग ने अपने ही पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नई उपलब्धि हासिल की है।
अक्टूबर 2025 में GST एवं VAT से 6,303.88 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था, जबकि अक्टूबर 2026 में यह बढ़कर 7,047.27 करोड़ रुपये हो गया। इस प्रकार पिछले वर्ष के अक्टूबर माह की तुलना में इस बार 743.39 करोड़ रुपये अर्थात लगभग 11.79 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
इस साल अब तक 44,034.09 करोड़ :
उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर तक प्रदेश का कुल GST एवं VAT राजस्व संग्रहण 44,034.09 करोड़ रुपये रहा है। यह उपलब्धि राज्य में कर प्रशासन की प्रभावशीलता, कर अनुपालन में सुधार तथा राजस्व संग्रहण को सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
कर विभाग की इस उपलब्धि से राज्य के राजस्व आधार को मजबूती मिली है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा वित्तीय संसाधनों को सुदृढ़ बनाने तथा विकास कार्यों के लिए राजस्व संग्रहण में वृद्धि पर दिए जा रहे विशेष ध्यान का यह सकारात्मक परिणाम है। विभाग भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ राजस्व संग्रहण के नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रयासरत रहेगा।