{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan Roadways : राजस्थान का रोडवेज बेड़ा हुआ मजबूत, अब ग्राम स्तर पर मिलेगी यात्रियों को बस की सुविधा 

राजस्थान सरकार की तरफ से प्रदेश के लोगों को परिवहन क्षेत्र में बड़ी सौगात दी है। राजस्थान में अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी परिवहन व्यवस्था में बड़ा सुधार आने वाला है
 

राजस्थान सरकार की तरफ से प्रदेश के लोगों को परिवहन क्षेत्र में बड़ी सौगात दी है। राजस्थान में अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी परिवहन व्यवस्था में बड़ा सुधार आने वाला है और लोगों को गांव स्तर पर ही बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। राजस्थान दिवस के मौके पर प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने रोडवेज को 207 नई बसों की सौगात दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को अजमेर रोड स्थित बस टर्मिनल से रोडवेज की नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर सीएम ने कहा कि नई बसों के शामिल होने से यात्रियों को बेहतर और आरामदायक यात्रा सुविधा मिलेगी, इसके साथ ही रोडवेज के नेटवर्क को भी मजबूती मिलेगी। डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि नई बसों के संचालन से उन क्षेत्रों में भी आवागमन आसान होगा, जहां अभी तक सार्वजनिक परिवहन के सीमित साधन उपलब्ध है।

100 ब्लूलाइन एक्सप्रेस बसें

रोडवेज एमडी पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि नई बसों में 100 ब्लूलाइन एक्सप्रेस बसें, 79 स्टार लाइन बसें और 28 एसी बसें शामिल हैं। इन सभी बसों को प्रदेश के अलग-अलग रूटों पर संचालित किया जाएगा।

हर पचायत-वार्ड का मास्टर प्लान बनेगा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को अपने आवास से राजस्थान दिवस के अवसर पर विकास को जनआंदोलन का रूप देने की बड़ी पहल करते हुए मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने अभियान की वेबसाइट और वीडियो का लोकार्पण करते हुए कहा कि इस अभियान के तहत राज्य की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय वार्डों के लिए स्थानीय आकांक्षाओं के अनुरूप विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा। गांव से लेकर शहर के वार्डों तक विकास की नई पहल को व्यापक जन भागीदारी से जोड़ा जाए।

आज होगी पहली ग्राम व वार्ड सभा

15 मई तक संचालित होने वाले मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान के तहत शुक्रवार को ग्राम पंचायतों में पहली ग्राम सभा तथा सभी शहरी वाडों में वार्ड सभा आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से अभियान की रूपरेखा के बारे में आमजन को अवगत कराया जाएगा। इसके पश्चात चरणबद्ध रूप से अन्य ग्राम एवं वार्ड सभाएं आयोजित होंगी।