{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan School : 22 अक्टूबर से 3 नवंबर तक सफाई, 6 नवंबर से दीपोत्सव की रोशनी
 

 

Rudra News Express Bikaner. 

राजस्थान के सरकारी स्कूलों की दीवाली से पहले सूरत बदलने की तैयारी  है। सभी सरकारी स्कूलों में 3 नवंबर तक सफाई होगी। इसके बाद 6 नवंबर से दीपोत्सव तक स्कूल भवन रोशनी से जगमग करेंगे। इसके लिए 22 अक्टूबर से ‘विद्यालय सौंदर्यीकरण एवं दीपोत्सव-2026’ अभियान शुरू किया गया है। इसमें सफाई के साथ मरम्मत, रंग-रोगन और जनसहयोग से स्कूलों की सूरत संवारी जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक ललित कुमार ने प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों के लिए यह आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक  6 नवंबर से दीपोत्सव तक स्कूलों में रोशनी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि दीपावली से पहले विद्यालय साफ-सुथरे और आकर्षक दिखाई दें।

इनका रहेगा सहयोग : 
स्कूल संवरने का यह अभियान भवनों की सफाई तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक, ग्रामवासी, स्काउट-गाइड, एनएसएस, एनसीसी और स्थानीय सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। स्कूल परिसर, खेल मैदान, कक्षा-कक्ष, शौचालय और पेयजल स्थलों के आसपास सफाई करवाई जाएगी। अभियान के तहत विद्यालयों में अनुपयोगी और नकारा फर्नीचर तथा सामग्री को नियमानुसार निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत के अनुसार भवनों की मरम्मत और रंग-रोगन भी करवाया जाएगा। शौचालयों की मरम्मत सहित आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा गया है।