{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan Sports Recruitment : 140 स्थायी कोच की भर्ती जल्द, 700 अस्थायी पदों पर भी होगी नियुक्ति

 

 

Rudra News Express Jaipur. 

 

राजस्थान में खेल विभाग के तहत 140 स्थायी कोच की भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है।, कर्मचारी चयन बोर्ड को प्रस्ताव भेजा गया है। इसके अलावा 700 अस्थायी कोच भी लगाए जाएंगे। अगले साल नए कोच की नियुक्ति होने की उम्मीद।

 

बोर्ड को पत्र भेजा : 

 

राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में लंबे समय बाद खेल विभाग के तहत स्थायी कोच की भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। राजस्थान स्पोर्ट्स काउंसिल ने करीब 140 स्थायी कोच की नियुक्ति के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड को पत्र भेजकर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया है। इसके साथ ही करीब 700 अस्थायी कोच की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

कोच के बिना खिलाड़ियों की ट्रेनिंग में बाधा : 

राजस्थान स्पोर्ट्स काउंसिल के सचिव राजकेश मीणा ने बताया कि प्रदेश में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए कोच की कमी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। इस कमी को दूर करने के लिए सरकार और खेल विभाग की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि युवा खिलाड़ियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन मिल सके।

700 अस्थायी कोच की निविदा जारी :

उन्होंने बताया कि 700 अस्थायी कोच की नियुक्ति के लिए निविदा जारी कर दी गई है। करीब एक महीने में यह प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। इन नियुक्तियों से प्रदेश के विभिन्न जिलों में खेल प्रशिक्षण की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

140 स्थायी कोच की भर्ती प्रक्रिया : 

दूसरी ओर 140 स्थायी कोच की भर्ती के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड को प्रस्ताव भेजा गया है। बोर्ड के चेयरमैन आलोक राज ने बताया कि राजस्थान स्पोर्ट्स काउंसिल से कोच भर्ती की अभ्यर्थना प्राप्त हुई है और बोर्ड की ओर से इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने अगले साल नए कोच की नियुक्ति होने की उम्मीद जताई।

ऐसे होगी भर्ती परीक्षा : 

प्रस्तावित भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदर्शन के आधार पर अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद फिजिकल टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया होगी। अंतिम चयन निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा।

18 से 40 वर्ष तक के युवा कर सकेंगे आवेदन : 

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित भर्ती में 18 से 40 वर्ष तक की आयु के अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। हालांकि, भर्ती की विस्तृत अधिसूचना जारी होने के बाद ही शैक्षणिक योग्यता, खेल संबंधी विशेषज्ञता, आयु सीमा में छूट और अन्य पात्रता शर्तों की आधिकारिक जानकारी स्पष्ट होगी।

चयनित कोच को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में नियुक्त किया जाएगा, जहां वे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे। इस भर्ती से खेल क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं को अवसर मिलने के साथ ही राजस्थान की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है।