Ram Lala के गले का हार, चरण पादुका भी गायब, पुजारी बोले-टीन्नू यादव को दिया, टीन्नु बोला-सोना गलाकर ईंट बनाई, रिकॉर्ड में ईंट-रसीद दोनों नहीं
RNE Ayodhya.
अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले ने अब और गंभीर रूप ले लिया है। नकदी और आभूषणों के हिसाब-किताब की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) के सामने अब रामलला को अर्पित किए गए हीरा जड़ित हार और स्वर्ण चरण पादुका के गायब होने का मामला भी उभरकर सामने आया है। जांच के दौरान इन बहुमूल्य भेंटों का कोई स्पष्ट रिकॉर्ड या रसीद नहीं मिलने से नए सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक एसआईटी ने मंदिर के पुजारी, ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों और चढ़ावे के प्रबंधन से जुड़े लोगों से गहन पूछताछ की है। पता चला है कि पुजारी ने बयान दिया कि भगवान को आभूषण अर्पित करने के बाद उन्हें वापस टिन्नू यादव को सौंप दिया गया था। वहीं टिन्नू यादव का कहना है कि इन आभूषणों को गलाकर सोने की ईंट बनाने की प्रक्रिया प्रस्तावित थी, लेकिन जांच में अब तक ऐसी कोई सोने की ईंट या उससे जुड़ा दस्तावेज सामने नहीं आया है।
करोड़ों के हार की रसीद तक नहीं! :
मामले में नया मोड़ तब आया जब रोकड़िया हनुमान मंदिर के पीठाधीश्वर आचार्य विनोद मिश्र ने दावा किया कि उनके एक शिष्य द्वारा करोड़ों रुपये मूल्य का हार और चरण पादुका रामलला को भेंट किए गए थे, लेकिन आठ महीने बाद भी न तो उसकी रसीद दी गई और न ही भगवान को आभूषण धारण कराए जाने का कोई प्रमाण उपलब्ध कराया गया। उनका आरोप है कि बाद में बताया गया कि हार को गलाकर सोने की ईंट बना दी गई, जबकि उसका कोई रिकॉर्ड मौजूद नहीं है।
60 से अधिक लोगों से पूछताछ :
एसआईटी अब तक मंदिर प्रशासन, सेवादारों, कर्मचारियों और चढ़ावे की गणना प्रक्रिया से जुड़े 60 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है। कई लोगों को दोबारा बुलाकर बयान लिए गए हैं। जांच एजेंसी सीसीटीवी फुटेज, बैंकिंग रिकॉर्ड, डिजिटल डेटा और दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रही है। हालांकि कुछ महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और फुटेज उपलब्ध नहीं होने से जांच और जटिल हो गई है।
सीएम योगी बोले-किसी को नहीं बख्शेंगे :
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी जांच कराई जा रही है और "दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा।" उन्होंने लोगों से धैर्य रखने और जांच पूरी होने तक अटकलों से बचने की अपील की है।