{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rameshwar Dudi स्मृति जाट समाज क्रिकेट प्रतियोगिता, 19 टीमों का मुकाबला, 15 पुरुष और 4 महिला टीमें शामिल

 

Rudra News Express Bikaner. 

जाट समाज युवा खेलकूद समिति के तत्वावधान में स्वर्गीय रामेश्वर लाल डूडी स्मृति जाट समाज क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज आज 26 सितंबर से हो रहा है। प्रतियोगिता 3 अक्टूबर तक शार्दूल क्लब क्रिकेट मैदान, बीकानेर में आयोजित की जाएगी।

प्रतियोगिता में जाट समाज की 15 पुरुष और 4 महिला टीमों सहित कुल 19 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में पूर्व में हिस्सा ले चुके कई खिलाड़ियों ने आगे बढ़कर उच्च स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है और कुछ खिलाड़ियों ने आईपीएल तक में अपनी भागीदारी दर्ज कराई है।

ट्रॉफी और टी-शर्ट का विमोचन : 

प्रतियोगिता की ट्रॉफी और आधिकारिक टी-शर्ट का विमोचन 24 सितंबर को जाट धर्मशाला, बीकानेर में आयोजित समारोह में किया गया। नोखा विधायक श्रीमती सुशीला रामेश्वर डूडी समारोह की मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने समाज के गणमान्यजनों और आयोजन समिति के सदस्यों की मौजूदगी में प्रतियोगिता की ट्रॉफी एवं आधिकारिक टी-शर्ट का विमोचन किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जाट समाज युवा खेलकूद समिति की ओर से लगातार आयोजित की जा रही यह प्रतियोगिता युवाओं को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ आपसी भाईचारे और खेल भावना को बढ़ावा देने का मंच प्रदान कर रही है।

समारोह में आयोजन समिति के वीरेंद्र भोबिया, बालकिशन नैण, कोजूराम, मुकेश गोदारा, आसूराम देदड़, हुक्माराम सियाग, सुरेश चौधरी, अमित चौधरी, हरिकिशन, अजय सियाग, सौरभ झोरड़, आदित्य चौधरी और संदीप चौधरी सहित समाज के अनेक गणमान्यजन एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे। आयोजन समिति ने खेलप्रेमियों से प्रतियोगिता के दौरान अधिक से अधिक संख्या में शार्दूल क्लब क्रिकेट मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।