ShriGanganagar Railway Track Blast : गिरफ्तार महकदीप कौर, देवेंद्र सिंह ने पाकिस्तान के "शाह"-"चाचा" का नाम बताया
Rudra News Express ShriGanganagar-Rajasthan.
पाक सीमा से सटते बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस विस्फोट के पीछे पाकिस्तान का हाथ होने की जानकारी सामने आई है। पाक में बैठे हैंडलर "शाह" ने पंजाब की एक युवती को सोशल मीडिया के जरिए प्रेमजाल में फंसाया। भावनात्मक रिश्ते और पैसों के लालच के जरिए अपने नेटवर्क में शामिल किया। इसके साथ रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की साजिश रची।
यह खुलासा राजस्थान एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन, बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश और श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर ने प्रेस वार्ता में किया है। राजस्थान एटीएस, श्रीगंगानगर पुलिस ने पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस की मदद से गुरदासपुर में दबिश देकर महकदीप कौर (21) और उसके साथी दविंदर सिंह (23) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस पूरी वारदात के लिए 2 लाख 23 हजार रुपए दिए गए थे। आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्तौल, 46 जिंदा कारतूस और 30 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं।
यूं पाक हैंडलर के संपर्क में आई महकदीप :
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, महकदीप सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी हैंडलर 'शाह' के संपर्क में आई। 'लवली' नाम के एक व्यक्ति ने महिला का संपर्क शाह से करवाया। धीरे-धीरे बातचीत भावनात्मक रिश्ते में बदल गई। इसके बाद शाह ने उसे रेलवे ट्रैक पर विस्फोट का टास्क दिया।
दो बार नाकाम प्रयास :
वारदात को अंजाम देने से पहले दो बार कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। पकड़े गाये दोनों आरोपी 6 अक्टूबर को पहली बार श्रीगंगानगर पहुंचे, लेकिन विस्फोटक उपलब्ध नहीं हुए तो लौटना पड़ा। इसके बाद 12-13 अक्टूबर को दोबारा आए। इस बार विस्फोटक तथा टाइमर लगाया, लेकिन धमाका नहीं हुआ। ऐसे में तीसरी बार 3 नवंबर की रात करीब पौने दस बजे रामसिंहपुर थाना क्षेत्र के 50 जीबी गांव के पास अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर विस्फोट कर दिया।
कैसा धमाका, कितना बड़ा हो सकता था नुकसान :
धमाके से रेलवे ट्रैक के बीच करीब दो से तीन फीट गहरा गड्ढा बन गया। दो रेलवे स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए और आसपास के कई स्लीपरों के लॉक टूट गए। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। जांच एजेंसियों के अनुसार, धमाके से कुछ समय पहले ही इस रेलखंड से यात्री ट्रेन गुजर चुकी थी। यदि विस्फोट ट्रेन के गुजरने के दौरान होता तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था।
05 लाख कॉल रिकॉर्ड खंगाल पुलिस ने गुत्थी सुलझाई :
साजिश की तह तक पहुंचने के लिए जांच एजेंसियों ने करीब पांच लाख कॉल रिकॉर्ड का डेटा खंगाला। इसके साथ ही लगभग 400 लोगों से पूछताछ की। केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर राजस्थान एटीएस की टीम पंजाब पहुंची और काउंटर इंटेलिजेंस के सहयोग से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। अब पुलिस पाकिस्तान में बैठे हैंडलर की असली पहचान, विस्फोटक उपलब्ध करवाने वाले लोगों और स्थानीय नेटवर्क की तलाश में जुटी है।