{"vars":{"id": "127470:4976"}}

ShriGanganagar Railway Track Blast : महकदीप -देवेंद्र को मौके पर लेकर पहुंची पुलिस, दो और बम मिले!

 

Shriganganagar Railway Track Blast : स्टेशन के पास दो और बम मिले, इनमें एक जिंदा! रेलवे ट्रैक, मजार के आसपास चलाया सर्च ऑपरेशन; 3 नवंबर की वारदात से पहले भी की थी इलाके की रेकी

Rudra News Express ShriGanganagar. 

बीकानेर संभाग के सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रेक पर ब्लास्ट के मामले में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। इस ट्रेक पर जो बम विस्फोट किए गए उनके अलावा भी दो और बम लगाए गए थे। पुलिस ने इन बमों को बरामद कर लिया। इनमें एक जिंदा बम था जिसे डिफ्यूज किया गया है। 

महक-देवेन्द्र को मौके पर ले गई पुलिस : 

श्रीगंगानगर के रामसिंहपुर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में पुलिस गिरफ्तार आरोपी महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को मौके पर लेकर गई। दोनों की निशानदेही पर रामसिंहपुर रेलवे स्टेशन के पास दो और संदिग्ध विस्फोटक बॉक्स बरामद किए हैं। इनमें से एक लाइव मोड में था, जबकि दूसरा डिफ्यूज अवस्था में मिला। सक्रिय बम को बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय कर दिया। पुलिस और जांच एजेंसियों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया।

पहले भी रैकी कर गए : 

यह भी सामने आया है कि 3 नवंबर को रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने से पहले भी दोनों आरोपी इलाके की रेकी करने पहुंचे थे। दोनों 12-13 अक्टूबर इस क्षेत्र में आए थे। पुलिस को दोनों ने उन स्थानों की जानकारी दी, जहां विस्फोटक छिपाए गए थे। इसके बाद रेलवे स्टेशन के आसपास रेलवे ट्रैक और मजार के नजदीक सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

पूरा इलाका सील : 

जांच अधिकारी आईपीएस नितिन चौधरी ने दो और बम मिलने की पुष्टि की है। पुलिस ने एहतियातन पूरे इलाके को सील कर दिया। मौके पर जाब्ता तैनात किया गया और आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई। बम निरोधक दस्ते के साथ रेलवे प्रशासन को भी सूचना दी गई, ताकि संदिग्ध विस्फोटकों की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

गौरतलब है कि रेलवे ट्रैक पर विस्फोट से पहले आरोपियों ने कई बार इलाके में पहुंचकर वारदात की तैयारी की थी। पहले प्रयास में विस्फोटक नहीं मिल पाया था, जबकि दूसरी कोशिश में लगाया गया विस्फोटक नहीं फटा। तीसरी बार 3 नवंबर को रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हुआ था।