{"vars":{"id": "127470:4976"}}

एसओजी ने इस रैकेट के सरगना को पकड़ा, मेवाड़ यूनिवर्सिटी के नाम पर की थी तैयारी

 

RNE Network.

स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ( एसओजी ) ने राजस्थान लोक सेवा आयोग ( आरपीएससी ) की प्राध्यापक ( हिंदी ) स्कूल शिक्षा प्रतियोगी परीक्षा - 2022 में फर्जी डिग्री के जरिये नोकरी दिलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी ध्वजकीर्ती शर्मा ( 55 वर्ष ) को गिरफ्तार किया है।
 

आरोपी भीलवाड़ा के न्यू हाउसिंग बोर्ड , शास्त्री नगर का निवासी है। एसओजी के एडीजी विशाल बंसल के अनुसार आरोपी पहले भी फर्जी डिग्री जारी करने के मामलों में लिप्त रहा है और उसके खिलाफ कई प्रकरण दर्ज है। इस मामले में फर्जी डिग्री हासिल करने वाली कमला कुमारी सहित अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 
 

जांच में सामने आया कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान कमला कुमारी ने मेवाड़ यूनिवर्सिटी , गंगरार ( चितौड़गढ़ ) से जारी एम ए ( हिंदी ) की डिग्री प्रस्तुत की थी, जो सत्यापन में फर्जी पाई गई। इस पर 20 मार्च 2023 को अजमेर के सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।