{"vars":{"id": "127470:4976"}}

राजस्थान में गर्मी का प्रकोप जारी, श्रीगंगानगर रहा सबसे गर्म, मौसम विभाग ने बारिश का जताया अनुमान

 

RNE Network.
प्रदेश में उमसभरी गर्मी से जनजीवन प्रभावित है। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है और औसत अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। श्रीगंगानगर 45.1 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। इसके अलावा चूरू और बीकानेर में 42.8, बाड़मेर में 42.1 तथा जैसलमेर में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अगले तीन-चार दिनों तक अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हवा में नमी अधिक रहने से उमस का असर भी बना रहेगा। विभाग के अनुसार आगामी दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने की संभावना है। दो जुलाई से दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। इस दौरान कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा होने के भी आसार हैं। मौसम विभाग ने जयपुर, भरतपुर, कोटा और बीकानेर संभाग में अगले तीन-चार दिनों के दौरान गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।