श्रीगंगानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन सट्टा रैकेट पकड़ा, लाखों नकद और दस्तावेज जब्त
RNE Network.
सादुलशहर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टे में इस्तेमाल होने वाले पांच मोबाइल फोन, एक एचपी कंपनी का लैपटॉप, विभिन्न बैंकों की नौ पासबुक, सात चेकबुक, सट्टे की पर्चियां तथा 48 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
थानाधिकारी मलकीयत सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने वार्ड नंबर-20 स्थित एक मकान पर दबिश दी, जहां ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था। मौके पर मौजूद तीनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल फोन और लैपटॉप के माध्यम से ग्राहकों से ऑनलाइन सट्टा खिलवाकर रुपये का लेन-देन करते थे। प्रारंभिक जांच में करीब 2.5 करोड़ रुपये के लेन-देन के संकेत मिले हैं, जिसकी गहन पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 61(2), 112(2) बीएनएस तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा इसका संचालन कितने समय से किया जा रहा था।