Electric buses : राजस्थान में यात्रियों का सफर होगा सुहाना, केंद्र सरकार देगी 675 इलेक्ट्रिक बसें
राजस्थान में आने वाले समय में यात्रियों का सफर सुहाना होने वाला है। केंद्र सरकार की पहल पर राजस्थान के स्थानीय यात्री व दूसरे राज्यों से आने वाले पर्यटकों के लिए सफर करना आसान होगा। केंद्र सरकार के इलेक्ट्रिक बसों के प्रोजेक्ट की शुरुआत राजस्थान की राजधानी जयपुर से होने वाली है। जहां पर इसी माह से बसों का ट्रायल की शुरुआत हो जाएगी और अगले कुछ माह ही पूरे प्रदेश के यात्रियों को इलेक्ट्रिक बसों की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (जेसीटीएसएल) 26 फरवरी से तीन दिन तक इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल करने जा रहा है। ट्रायल सफल रहने पर 45 दिन के भीतर पहले चरण में 150 इलेक्ट्रिक बसें जयपुर को मिल जाएंगी। दूसरे चरण में 168 बसे और आने की तैयारी है।
इस तरह जून से पहले शहर में कुल 318 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारने का लक्ष्य रखा गया है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से पहले शहर में चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। डिपो स्तर पर तेजी से काम चल रहा है, ताकि बसों का नियमित संचालन बिना बाधा हो सके।
675 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं राजस्थान को
केन्द्र सरकार की तरफ से देश के विभिन्न राज्यों के लिए इलेक्ट्रिक बसों की सुविधा की शुरुआत की गई है। जहां पर केंद्र सरकार की तरफ से इलेक्ट्रिक बसें दी जाएगी और उनका संचालन राज्य सरकार की तरफ से किया जाएगा। इस योजना के तहत राजस्थान को 675 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं, जिनमें से 150 बसें पहले चरण में जयपुर को आवंटित होंगी। दूसरे चरण में 168 बसों का प्रस्ताव है।
इसके अतिरिक्त जेसीटीएसएल अपने स्तर पर भी बसों की संख्या बढ़ाने की कवायद में है। हालांकि नई बसों की तैयारी के बीच एक चिंता भी सामने आई है। जेसीटीएसएल ने 100 पुरानी और तकनीकी रूप से कंडम मानी जा चुकी बसों के संचालन की अवधि बढ़ा दी है।