{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bhilwara में इंजेक्शन से किशोरी की मौत, दवाई की दुकान में आग लगाई, हंगामा-प्रदर्शन

इंजेक्शन से किशोरी की मौत, मेडिकल स्टोर पर आग, हंगामा!

 

Rudra News Express Bhilwara. 

राजस्थान के भीलवाड़ा में एक मेडिकल स्टोर पर 17 वर्षीय किशोरी को इंजेक्शन लगाने के बाद मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों और क्षेत्रवासियों ने मेडिकल स्टोर के बाहर प्रदर्शन किया। दवाई की दुकान में आग लगा दी और शटर तोड़ने का प्रयास किया। पुलिस ने मेडिकल स्टोर सील कर मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।

घटना भीलवाड़ा शहर के सुभाष नगर इलाके की है। आरोप है कि यहां एक मेडिकल स्टोर संचालक ने डॉक्टर की पर्ची के बिना इंजेक्शन लगाया जिससे 17 वर्षीय किशोरी की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और मोहल्लेवासियों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने मेडिकल स्टोर के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए आग लगाई और शटर तोड़ने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर सुभाष नगर थाना पुलिस, तहसीलदार और सीओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से समझाइश कर मामला शांत करवाया। पुलिस ने मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

कौन किशोरी, क्या है मामला : 

जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर स्थित सरकारी स्कूल के पास रहने वाले राकेश मेहता की 17 वर्षीय बेटी प्राची को मामूली बुखार की शिकायत थी। परिजन उसे उपचार के लिए सुभाष नगर स्थित एमजी हॉस्पिटल लेकर जा रहे थे, लेकिन अस्पताल बंद होने के कारण वे पास ही स्थित लव-कुश मेडिकल स्टोर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने मेडिकल संचालक से बुखार की गोली मांगी थी, लेकिन संचालक ने गोली देने के बजाय इंजेक्शन लगाने की बात कही। किशोरी ने इंजेक्शन लगाने से डरने की बात कही और परिजनों ने भी इसके लिए मना किया, लेकिन इसके बावजूद उसे इंजेक्शन लगा दिया गया।

बुखार था इंजेक्शन लगाते ही बिगड़ी हालत : 

परिजनों के मुताबिक, इंजेक्शन लगने के बाद प्राची के पैर में दर्द और सूजन होने लगी। उसकी तबीयत लगातार बिगड़ने पर परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के दौरान संक्रमण की बात सामने आई। हालत गंभीर होने पर उसे उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान 13 नवंबर को प्राची की मौत हो गई। किशोरी की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने मामला दर्ज किया, जांच शुरू : 

मामले को लेकर सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश चंद्र विश्नोई ने बताया कि प्राची मेहता को बुखार आने पर परिजन लव-कुश मेडिकल स्टोर लेकर गए थे। वहां मेडिकल संचालक द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। गंभीर हालत में उसे उदयपुर के अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। रविवार सुबह मृतका का अंतिम संस्कार किया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद परिजनों और मोहल्लेवासियों में आक्रोश था। लोगों ने मेडिकल स्टोर पहुंचकर विरोध जताया। सूचना पर तहसीलदार, सीओ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा लोगों को मामले में की जा रही कार्रवाई की जानकारी देकर समझाइश की। इसके बाद सभी लोग शांतिपूर्वक वहां से रवाना हो गए। पुलिस का कहना है कि मामले में शीघ्र अनुसंधान कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये बोले मृतका के पिता-चाचा : 

मृतका के पिता राकेश मेहता ने बताया कि उनकी बेटी को मामूली बुखार था। वे उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन अस्पताल बंद होने के कारण पास के मेडिकल स्टोर पर पहुंचे। उन्होंने मेडिकल संचालक से बुखार की गोली मांगी थी, लेकिन आरोप है कि संचालक ने उनकी बेटी को इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद उसके पैर में दर्द और सूजन होने लगी। निजी अस्पताल में दिखाने पर संक्रमण की जानकारी मिली। बाद में हालत गंभीर होने पर उसे उदयपुर रेफर किया गया, जहां उसकी जान नहीं बच सकी। राकेश मेहता ने प्रशासन से मेडिकल संचालक का लाइसेंस निरस्त करने और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

मृतका के चाचा राजेश मेहता ने भी मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को यह जांच करनी चाहिए कि मेडिकल स्टोर किसके लाइसेंस पर संचालित हो रहा था। यदि संचालक किसी अन्य व्यक्ति के लाइसेंस पर मेडिकल स्टोर चला रहा था तो संबंधित लाइसेंसधारक की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने शहर में संचालित अन्य मेडिकल स्टोर्स की भी जांच करवाने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पार्षद बोले-पहले भी मिली शिकायतें : 

वहीं, वार्ड नंबर 64 के पार्षद जगदीश गुर्जर ने आरोप लगाया कि लव-कुश मेडिकल स्टोर पर मरीजों को दवाइयां देने के बजाय इंजेक्शन लगाए जाने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले दो-तीन वर्षों में इस तरह की चार-पांच घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पार्षद ने मेडिकल संचालक की गिरफ्तारी, मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र की डिस्पेंसरी में सप्ताह में केवल दो दिन डॉक्टर आने के बजाय स्थायी चिकित्सक नियुक्त करने की मांग भी उठाई।