{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Jaisalmer सीमा से 3-4 किमी अंदर तक पहुंच रहा पाक नेटवर्क, कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने पाक लोकल सिम पर रोक लगाई 

 

RNE Jaisalmer.

पाकिस्तान में लगे मोबाइल टॉवरों का नेटवर्क राजस्थान के जैसलमेर तक पहुंच रहा है। सुरक्षा चिंताओं के बीच जिला प्रशासन ने पाकिस्तानी सिम कार्ड के उपयोग पर रोक लगाकर बड़ा कदम उठाया है। पाकिस्तान में स्थापित मोबाइल टावरों का नेटवर्क भारतीय सीमा के भीतर तक पहुंचने के कारण जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अनुपमा जोरवाल ने जिले में पाकिस्तानी लोकल सिम कार्ड के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

जारी आदेश के अनुसार सीमा पार पाकिस्तानी क्षेत्र में लगे मोबाइल टावरों का नेटवर्क भारत की सीमा में करीब 3 से 4 किलोमीटर अंदर तक सक्रिय हो जाता है। ऐसे में पाकिस्तानी लोकल सिम रखने वाले लोग सीधे पाकिस्तान के मोबाइल नेटवर्क से संपर्क स्थापित कर सकते हैं, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ जाती हैं। इसी को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया गया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जैसलमेर जिले की सीमा में किसी भी व्यक्ति द्वारा पाकिस्तानी लोकल सिम कार्ड का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में संचार नेटवर्क का दुरुपयोग राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है, इसलिए यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है।