अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जोधपुर मंडल के 14 स्टेशन होंगे आधुनिक, अगस्त तक लक्ष्य
RNE Network.
प्रधानमंत्री के “विकसित भारत” विज़न के अंतर्गत अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जोधपुर रेल मंडल के 14 प्रमुख रेलवे स्टेशनों का व्यापक पुनर्विकास किया जा रहा है।
इनमें देशनोक स्टेशन का कार्य पूर्ण कर उसे समर्पित किया जा चुका है, जबकि अन्य स्टेशनों पर तेजी से कार्य प्रगति पर है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार डेगाना, रेन, गोटन, सुजानगढ़, रामदेवरा, फलोदी, बालोतरा, बाड़मेर, डीडवाना, मेड़ता रोड, नागौर, मारवाड़ भीनमाल और जालोर स्टेशनों के विकास कार्य लगभग 90 प्रतिशत तक पूरे हो चुके हैं। सभी स्टेशनों को अगस्त तक आमजन के लिए समर्पित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन स्टेशनों पर 15 से 20 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इनमें वातानुकूलित प्रतीक्षालय, उन्नत शौचालय, डिजिटल सूचना प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी आधारित सुरक्षा, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं और सुगम प्रवेश-निकास के साथ पार्किंग की व्यवस्था शामिल है।
इसके साथ ही मेगा पुनर्विकास योजना के तहत जोधपुर, जैसलमेर और पाली जैसे प्रमुख स्टेशनों का भी उच्च स्तरीय विकास किया जा रहा है। जोधपुर स्टेशन पर लगभग 474 करोड़ रुपये, जैसलमेर स्टेशन पर 140 करोड़ रुपये और पाली स्टेशन पर 97 करोड़ रुपये की लागत से कार्य किए जा रहे हैं।
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।