{"vars":{"id": "127470:4976"}}

राजस्थान में गांवों की सरकार : 37 जिले, 2.5 करोड़ वोटों की गिनती, 8 हजार 818 वार्ड का रिजल्ट!

 

 

Rudra News Express Jaipur-Bikaner. 

राजस्थान में आज गांवों की सरकार के फैसले का दिन है। 37 जिलों में करीब ढाई करोड़ वोटों की गिनती होनी है। जिला परिषद और पंचायत समिति के 8 हजार 818 वार्डों के नतीजे सामने आएंगे।

जयपुर में बड़ी चुनावी जंग : 

सबसे बड़ी चुनावी जंग जयपुर में मानी जा रही है। जहां 1,291 प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। शुक्रवार सुबह जिला मुख्यालयों पर मतगणना शुरू हो जाएगी। बता दें कि कुल 41 हजार 480 मतदान केंद्रों पर 2 करोड़ 48 लाख 63 हजार 783 वोटों की गिनती होनी है। जयपुर में 2,094 मतदान केंद्रों पर 13 लाख 35 हजार 492 वोट डाले गए। जिनकी गिनती सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी में सुबह 8 बजे से शुरू होगी। जिला परिषद के लिए 5 और पंचायत समितियों के लिए 22 मतगणना कक्ष बनाए गए है।

बीकानेर के पॉलिटेक्निक कॉलेज में171 टेबलों पर गणना :

बीकानेर में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए चारों चरणों में हुए मतदान के बाद मतगणना शुक्रवार को प्रातः 8 बजे से राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में होगी।

जानिए किस पंचायत की कहां काउंटिंग : 

रूणिया, कोलायत, बीठनोक, बज्जू, हदां एवं श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति क्षेत्रों की मतगणना महाविद्यालय के भूतल तथा शेष पंचायत समिति क्षेत्रों की मतगणना प्रथम तल पर निर्धारित कक्षों में की जाएगी। मतगणना के लिए कुल 171 टेबलें लगाई जाएंगी। प्रत्येक टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक एवं दो-दो गणना सहायक नियुक्त किए जाएंगे।

मतगणना कक्ष में प्रवेश के लिए सभी गणना कार्मिकों, उम्मीदवारों, उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं गणना अभिकर्ताओं के फोटोयुक्त परिचय पत्र बनाए गए हैं। निर्धारित परिचय पत्र के बिना किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। किसी भी गणना अभिकर्ता को रिटर्निंग अधिकारी द्वारा जारी वैध पहचान पत्र के बिना प्रथम सुरक्षा घेरे में प्रवेश नहीं मिलेगा।

मतगणना स्थल पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा मेडिकल टीम मय एंबुलेंस भी तैनात रहेगी। गणना कार्मिकों को प्रातः 6 बजे ड्यूटी पर उपस्थित होना होगा। इसके बाद उन्हें पंचायत समिति क्षेत्र एवं गणना टेबल आवंटित की जाएगी। प्रातः 8 बजे तक प्राप्त डाक मतपत्रों को पंचायत समिति वार्डवार एवं जिला परिषद वार्डवार वर्गीकृत कर संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को उपलब्ध करवाया जाएगा।