{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan में 02 जुलाई से मौसम बदलेगा, बीकानेर-जोधपुर में 03 से 06 तक आंधी- बारिश 

 

RNE Weather Desk

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जुलाई 2026 के लिए मासिक वर्षा पूर्वानुमान जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार जुलाई में पूरे देश में औसत मासिक वर्षा सामान्य से कम रहने की सबसे अधिक संभावना है। हालांकि उत्तर-पश्चिम भारत, उत्तर-पूर्व, पूर्वी-मध्य भारत और पूर्वी प्रायद्वीपीय क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है।  

राजस्थान में 2 जुलाई से मानसून की दस्तक :

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, 2-3 जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान में मानसून के प्रवेश की प्रबल संभावना है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाओं के सक्रिय होने से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

2 जुलाई से उदयपुर, कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई इलाकों में आंधी और बारिश बढ़ेगी।

3 से 6 जुलाई के बीच प्रदेश के और हिस्सों में वर्षा गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

कोटा और उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

अगले 2-3 दिनों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है।

जयपुर, भरतपुर, कोटा और बीकानेर संभाग में भी मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में 3-4 जुलाई से आंधी-बारिश का दौर शुरू होने तथा 3 से 6 जुलाई के बीच कई स्थानों पर अच्छी बारिश की संभावना है।


IMD ने तापमान को लेकर भी जताई चिंता : 

IMD के अनुसार जुलाई में देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। वहीं प्रशांत महासागर में कमजोर अल-नीनो की स्थिति बनी हुई है, जिसके मानसून सीजन के दौरान और मजबूत होने के संकेत हैं।  

मुख्य बातें एक नजर में:

जुलाई में देशभर में सामान्य से कम बारिश की संभावना।

राजस्थान में 2-3 जुलाई से मानसून प्रवेश के संकेत।

3-6 जुलाई के बीच अधिकांश हिस्सों में बारिश बढ़ेगी।

कोटा-उदयपुर में भारी बारिश, बीकानेर-जोधपुर में भी 3 जुलाई से बारिश की उम्मीद।

तेज आंधी (50-60 किमी/घंटा) और मेघगर्जन का भी अलर्ट।