{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner : बीकानेर की पॉवरलिफ्टर यष्टिका आचार्य का जिम में निधन

 
  • पॉवर लिफ्टिंग कर रही यष्टिका पर रॉड गिरने से मौत
RNE Bikaner . एक दर्दनाक हादसे में बीकानेर ने अपनी होनहार पॉवर लिफ्टर बेटी यष्टिका आचार्य को खो दिया। हाल ही एक कंपीटिशन में शानदार दमखम दिखाकर सुर्खियों में यष्टिका बड़े कंपीटिशन के लिए तैयारी कर रही थी। इसी तैयारी के लिहाज से मंगलवार शाम को वह जिम में अभ्यास कर रही थी। संभवतया इसी दौरान रॉड का बैलेंस बिगड़ा या कुछ ऐसा हुआ कि वजन उसकी गर्दन पर आ गया। उसे हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन डॉक्टर बचा नहीं पाए। यष्टिका की उम्र महज 17वर्ष थी। इस वर्ष 18वें जन्मदिन के साथ ही वह अपनी उम्र और भारवर्ग में कॉलेज कंपीटिशन खेलकर रिकॉर्ड बनाने का सपना संजोए थी। आचार्य चौक निवासी ऐश्वर्य आचार्य उर्फ धींगानिया महाराज की पुत्री यष्टिका के निधन की खबर फैलते ही शोक की लहर छा गई। बड़ी तादाद में परिचित, परिजन, शहरवासी उनके निवास पर पहुंच गए। यष्टिका की अंतिम यात्रा बुधवार सुबह आचार्य चौक से चौखूंटी स्थित श्मशान गृह जाएगी। जुनून इतना कि शादी में भी नहीं गई : मंगलवार को यष्टिका के निकट परिजन की शादी थी। उसके मम्मी, पापा, परिजन शादी में हनुमानगढ़ गए लेकिन धुन की धनी इस खिलाड़ी की नजर अपने लक्ष्य पर ही थी। यह शादी में नहीं गई और प्रेक्टिस में जुटी रही। मम्मी, पापा इस हादसे की खबर मिलते ही तुरंत लौटे।