{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan Weather : बीकानेर, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर में पारा 40 के नजदीक, हीटवेव की चेतावनी 

 

RNE Jaipur-Rajasthan. 

राजस्थान में मार्च के शुरुआत में ही गर्मी ने रौद्र रूप धारण करना शुरू कर दिया है। खासतौर पर पश्चिमी राजस्थान में पारा 40 के पास पहुँच रहा है। बीते 24 घंटों में सबसे अधिक 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान बाड़मेर में दर्ज किया। आज यानी रविवार दोपहर को बीकानेर में तापमान 39 के पास पहुँच गया। मौसम विभाग ने पश्चिमी एवं दक्षिणी राजस्थान में हीट वेव की चेतावनी जारी की है।

अब तक के प्राप्त आंकड़ों के हिसाब से 08 मार्च तक की अवधि में इतनी गर्मी किसी भी साल में नहीं पड़ी। हालांकि मार्च के आखिरी दिनों में जरूर तापमान 38 से 40 के बीच पहुंचता रहा है। प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक मार्च के पहले सप्ताह की भीषण गर्मी ने 35 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कई जिलों में भीषण लू (Heatwave) की स्थिति है। बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, और बीकानेर जैसे पश्चिमी जिलों में पारा सामान्य से 9 डिग्री तक ऊपर है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

बीकानेर, बाड़मेर, चुरू में 38 पार 

रविवार दोपहर को भी पश्चिमी राजस्थान में लू के हालात बन गए। बीकानेर में दोपहर 02:30 बजे  तापमान 38.8 यानी 39 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया। इसी तरह बाड़मेर में 38.4, चुरू में 38.2, जैसलमेर में 37.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

लगातार दूसरे दिन ये हाल

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में पूरे राजस्थान में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। बाड़मेर में सबसे अधिक करीब 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

इसके अलावा जैसलमेर में 39.3 डिग्री, जोधपुर में 38.2 डिग्री और बीकानेर में करीब 38 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं पूर्वी राजस्थान में भी गर्मी का असर बढ़ने लगा है। चित्तौड़गढ़ में 38.4 डिग्री, झुंझुनू में करीब 38 डिग्री और जयपुर में 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान दर्ज किया गया।