{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Cyclone Akvan : बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान अकवान, एक महीने में तीसरा तूफान, 145 किमी रफ्तार से चलेंगी हवाएं

 

अर्नब, मुरासु के बाद अकवान, 01 महीने में तीसरा तूफान! 20 नवंबर को आंध्र तट से  टकराएगा, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए कहां कितना होगा असर

Rudra News Express New Delhi. 

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान अकवान ताकतवर होता जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, तूफान उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर की सुबह तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके बाद 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यनम तट के बीच नेल्लोर और तुनी के मध्य तट से टकराने का अनुमान है। 

लैंडफॉल के समय हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों के साथ यह 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 

सुबह यह थी स्थिति-ऑरेंज अलर्ट :

IMD के अनुसार "akvan"  17 नवंबर सुबह 5:30 बजे तूफान दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग में केंद्रित था। इसका केंद्र चेन्नई से करीब 610 किलोमीटर पूर्व, मछलीपट्टनम से 660 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और विशाखापत्तनम से लगभग 670 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व में था। पिछले छह घंटों में यह धीमी गति से उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ा है। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

यूं बढ़ेगी तूफान की ताकत : 

  • 03 दिनों में तेजी से बढ़ेगी अकवान की तीव्रता। 
  • 17 नवंबर की शाम तक हवा की रफ्तार 85 से 95 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों के साथ 105 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। रात तक यह गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है।
  • 18 नवंबर को हवा की रफ्तार 95 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 
  • 19 नवंबर की सुबह तक यह गंभीर चक्रवाती तूफान बना रह सकता है।  हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों के साथ 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है।
  • 20 नवंबर की सुबह तूफान के और ताकतवर होकर 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ने का अनुमान है। झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 
  • 21 नवंबर तक यह गहरे अवदाब और फिर अवदाब में बदल सकता है।

आंध्र प्रदेश तबाही ला सकती है भारी बारिश : 

IMD ने 21 सेंटीमीटर या उससे अधिक बारिश की आशंका वाले क्षेत्रों को लेकर विशेष चेतावनी दी है।इसके मुताबिक चक्रवात का सबसे अधिक प्रभाव आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में पड़ने की आशंका है। प्रकाशम, बापटला, कृष्णा, पश्चिम गोदावरी, कोनसीमा और काकीनाडा जिलों के निचले तटीय इलाकों में समुद्र में उठने वाली लहरों के कारण जलभराव का खतरा है।

तूफान के तट से टकराने के दौरान खगोलीय ज्वार से 1 से 2 मीटर तक ऊंची समुद्री लहरों के कारण निचले इलाकों में पानी भर सकता है। बापटला, कृष्णा और पश्चिम गोदावरी जिलों में इसका प्रभाव अधिक रहने की आशंका है। 18 नवंबर को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। 19 और 20 नवंबर को अधिकांश स्थानों पर बारिश तथा कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। 

ओडिशा,छत्तीसगढ़, तेलंगाना तक असर : 

  • तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 17 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 18 और 19 नवंबर को उत्तरी तमिलनाडु के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
  • ओडिशा में 18 नवंबर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है। 19 से 21 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
  • रायलसीमा में 19 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
  • तेलंगाना के पूर्वी हिस्सों में 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।
  • छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों में 20 नवंबर और उत्तरी हिस्सों में 21 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है।
  • पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 19 और 20 नवंबर को तथा झारखंड में 20 और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
  • पूर्वी विदर्भ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

14 मीटर से ऊंची लहरें उठेगी : 

बंगाल की खाड़ी के समुद्री क्षेत्रों में 19 नवंबर से लहरों की ऊंचाई 9 से 14 मीटर तक पहुंच सकती है और 19 नवंबर की रात से तट पर तूफान पहुंचने तक समुद्र की स्थिति बेहद उग्र हो सकती है। कुछ समुद्री क्षेत्रों में लहरों की ऊंचाई 14 मीटर से अधिक होने की आशंका है। 

इसी तरह आंध्र प्रदेश और यनम तट के आसपास 19 नवंबर की शाम से समुद्र की स्थिति अत्यंत गंभीर हो सकती है। मछुआरों को दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 18 नवंबर तक, दक्षिण-पश्चिमी और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 20 नवंबर तक तथा उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में 19 और 20 नवंबर को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

राजस्थान में असर नहीं, बीकानेर में तापमान 15.4 : 

राजस्थान में फिलहाल इसका कोई सीधा वर्षा अलर्ट नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान दोनों क्षेत्रों में मुख्यतः शुष्क मौसम दर्ज किया गया।

प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 35.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 7.4 डिग्री दर्ज किया गया। पश्चिमी राजस्थान में जवाई पाली और बाड़मेर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री रहा, जबकि चूरू में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज हुआ।

बीकानेर में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री, श्रीगंगानगर में 13 डिग्री, चूरू में 10.2 डिग्री, सीकर में 8 डिग्री और पिलानी में 10.6 डिग्री रहा। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान एक दिन में 4.7 डिग्री गिरकर 7.4 डिग्री पर पहुंच गया। झुंझुनूं में भी न्यूनतम तापमान में 5.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

दिल्ली में प्रदूषण, पहाड़ों पर बर्फ : 

इससे इतर देश के उत्तरी हिस्सों में मौसम का अलग रूप देखने को मिल रहा है। दिल्ली में सुबह के समय प्रदूषण का स्तर खराब बना हुआ है। वहीं उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। बद्रीनाथ में तापमान शून्य से 11 डिग्री नीचे पहुंचने की जानकारी सामने आई है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी रात का तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है।