{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Kal Ka Mausam : पश्चिम विक्षोभ के चलते 17 से बदलेगा हरियाणा का मौसम, बारिश होने की संभावना 

हरियााण में मौसम इन दिनों गतिशील लेकिन शुष्क बना हुआ है। अलगे सप्ताह एक बार फिर से पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होगा और इसका हरियाणा के साथ आसपास के राज्यों में इसका असर दिखाई देगा
 

हरियााण में मौसम इन दिनों गतिशील लेकिन शुष्क बना हुआ है। अलगे सप्ताह एक बार फिर से पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होगा और इसका हरियाणा के साथ आसपास के राज्यों में इसका असर दिखाई देगा। हालांकि सुबह और शाम के समय अभी भी हल्की गुलाबी ठंड का अहसास हो रहा है, लेकिन दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, वर्तमान में कोई बड़ी मौसमी प्रणाली सक्रिय न होने के कारण अगले एक सप्ताह तक बारिश के आसार नहीं हैं। इधर, बदले मौसम के चलते वायु गुणवत्ता सूचकांक में भी सुधार आया है। 4 फरवरी को एक्यूआई 343 पीएम 2.5 पर था, जो रविवार को 152 प्वाइंट के सुधार के साथ 191 पीएम 2.5 पर आ गया। फिलहाल एक्यूआई बेहतर स्थिति में चल रहा है। 

तापमान में उतार-चढ़ाव और हवाओं का रुख बदल रहा

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में मैदानी राज्यों, विशेषकर हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में मौसम आमतौर पर साफ है। पर्वतीय क्षेत्रों में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसका असर मैदानी इलाकों में केवल आंशिक बादलवाही के रूप में दिख रहा है। हवाओं की दिशा में बार-बार हो रहे बदलाव के कारण वातावरण में अस्थिरता बनी हुई है।

दोपहर के समय दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी हवाएं तापमान को बढ़ा रही हैं, जबकि सुबह-शाम उत्तरी हवाएं हल्की ठंड बनाए हुए हैं। फरवरी के दूसरे पखवाड़े में तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। यह बदलाव सर्द ऋतु की विदाई और ग्रीष्म ऋतु के आगमन का संकेत है।

15 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार 15 फरवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन 17 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में सक्रिय होने वाला है। जिससे हरियाणा और एनसीआर के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल लोगों को दिन में तेज धूप और रात में सामान्य तापमान का सामना करना होगा। अभी दिन और रात का तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहे हैं। लोगों को दिन के समय गर्मी का अहसास होने लगा है।