{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Haryana Hailstorm Orange Alert : हरियाणा के इन 13 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का आरेंज अलर्ट

 

हरियाणा में एक बार फिर से मौसम ने करवट ले ली है। बुधवार को हिसार, सिरसा व फतेहाबाद में तेज हवाओं के साथ वर्षा दर्ज की गई। दिन में जहां तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था, वहीं शाम को बदले मौसम ने गर्मी से राहत दी। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी दिनों में मौसम लगातार परिवर्तनशील रहेगा और कई जिलों में आंधी, वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग ने तीन और चार अप्रैल को प्रदेश के कई जिलों में आरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात समेत 13 जिलों में आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि को लेकर आरेंज अलर्ट जारी है। वहीं हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, कैथल, करनाल सहित अन्य जिलों में येलो अलर्ट के तहत वर्षा और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।

विशेषज्ञों के अनुसार मौसम 10 अप्रैल तक दो चरणों में सक्रिय रहेगा। पहला चरण तीन से पांच अप्रैल के बीच रहेगा, जिसमें हरियाणा के साथ पंजाब, दिल्ली और उत्तर राजस्थान के कई हिस्सों में तेज हवाएं और वर्षा की संभावना है। पांच अप्रैल के बाद कुछ राहत मिलेगी, लेकिन सात और आठ अप्रैल को मौसम फिर से सक्रिय हो सकता है।

इस मौसम बदलाव का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ने की आशंका है। गेहूं और सरसों की फसल कटाई के दौर में हैं, ऐसे में तेज हवाएं और ओलावृष्टि फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सतर्क रहने और फसलों के संरक्षण के उपाय अपनाने की सलाह दी है।