{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Haryana Heavy Rain Alert : हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, इन 12 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट 

मुख्यतः पंजाब से सटे जिले सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, अंबाला, करनाल और कैथल जिलों में मौसम में परिवर्तन की यह गतिविधियां देखने को मिलेंगी
 

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद हरियाणा में अगले तीन दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक हरियाणा के 12 जिलों में तेज बारिश होगी।

हालांकि रविवार शाम को ही हरियाणा के कई जिलों में मौसम में बदलाव आ गया। जहां पर कई जिलों में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार रात को हिसार, सिरसा, फतेहाबाद और झज्जर में आंधी के साथ तेज वर्षा और जींद में बूंदाबांदी हुई। बारिश के साथ ही इन जिलों में सोमवार सुबह गुलाबी ठंड ने दस्तक दे  दी। 

मौसम विज्ञानियों ने बताया कि ऐसा मौसम आगामी दो से तीन तक रहेगा। मौसम विज्ञानी डा. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्षा के कारण रबी की फसलों की बुआई को टालना उचित रहेगा। बंगाल की खाड़ी पर बने कम दबाव के क्षेत्र व पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आठ अक्टूबर तक प्रदेश में कई जिलों में बादलवाई, वर्षा, ओलावृष्टि की संभावना है।

मुख्यतः पंजाब से सटे जिले सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, अंबाला, करनाल और कैथल जिलों में मौसम में परिवर्तन की यह गतिविधियां देखने को मिलेंगी। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अन्य जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। रविवार को हिसार का अधिकतम तापमान 34 डिग्री व न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं, सिरसा का अधिकतम तापमान 34 डिग्री व न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी अधिकतम 34 से 35 और न्यूनतम 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। आगामी तीन दिनों में वर्षा की होने की संभावना है।

छह अक्टूबर को इन 12 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को हरियाणा के 12 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत सोनीपत जिले में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सात अक्टूबर को इन जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।