{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Haryana Weather Calendar : जून का वेदर कैलेंडर, जानिए कब-कब बदलेगा मौसम

हरियाणा में मौसम की करवट के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है
 

हरियाणा में मौसम की करवट के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जहां पर कई दिनों से चल रही लू से लोगों को राहत मिली है। हरियाणा में इसी माह के अंतिम सप्ताह में प्री मानसून सक्रिय हो जाएगी।

इससे पहले पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। जून माह में प्रतिदिन होने वाले मौसम परिवर्तन के बारे में जानकारी देते है। 

5 व 6 जून : तेज हवाएं, आंधी व बूंदाबांदी की संभावना। तापमान सामान्य से नीचे रहेगा।

7 से 10 जून : 7 जून को यह मौसम प्रणाली आगे निकल जाएगी। 8 से 10 जून के बीच मौसम साफ रहेगा और तापमान बढ़ेगा।

10 जून : एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभएक्टिव होगा, आंशिक असर दिख सकता है।

12 से 15 जून: 12 जून को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम फिर करवट लेगा। आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है।

19 और 20 जून: एक और नए विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में फिर बदलाव आएगा। 22 को प्री मॉनसून बारिश संभव है।

धूल के गुबारे के साथ हुई बारिश 

राजस्थान की तरफ से आए तेज धूल के गुबार के पीछे-पीछे हरियाणा के कई शहरों हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। इस मामूली बारिश से आसमान में छाई धूल के कण नीचे बैठ गए और देर शाम होते-होते मौसम सुहावना हो गया, जिससे तपती गर्मी से परेशान शहरवासियों को बड़ी राहत मिली। शहर में भी कहीं हल्की बूंदाबांदी तो कहीं अच्छी बारिश हुई।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार हिसार का अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 4 जून को सक्रिय हुए एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव आया है।

आज और कल गर्मी से रहेगी राहत

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पाकिस्तान पर लगातार नए बादलों का फुटाव और निर्माण जारी है। इसकी वजह से हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में 6 जून तक तेज हवाएं, आंधी-अंधड़ और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की गतिविधियां अलग-अलग समय पर जारी रहेंगी।