Haryana Weather Update : हरियाणा में मौसम फिर लेगा करवट, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बदलेगा मौसम
हरियाणा में अब गर्मी ने साफ तौर पर दस्तक दे दी है। बीते कुछ दिनों से दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है
हरियाणा में अब गर्मी ने साफ तौर पर दस्तक दे दी है। बीते कुछ दिनों से दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हालांकि सुबह के समय हल्की ठंडक अभी भी महसूस की जा रही है, लेकिन दोपहर होते-होते धूप तीखी हो रही है और गर्मी का असर साफ नजर आने लगा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च माह में हरियाणा का मौसम लगातार करवटें लेता रहेगा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फरवरी माह में भी दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक बना रहा। मार्च में भी यह सिलसिला जारी रह सकता है। इस महीने कुल 5 से 6 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिनका असर उत्तर-पश्चिम भारत के साथ साथ हरियाणा में भी देखने को मिलेगा।
मौसम विशेषज्ञ डा. चंद्रमोहन ने बताया कि मार्च के पहले सप्ताह में हरियाणा में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है। इसके चलते दिन का तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक रह सकता है। हालांकि 8-9 मार्च के आसपास सक्रिय होने वाली पश्चिमी मौसम प्रणाली के प्रभाव से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस दौरान आंशिक बादलवाही, तेज हवाएं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि अधिक वर्षा की संभावना नहीं है।
दूसरे पखवाड़े में भी रहेगा उतार-चढ़ाव
मार्च के दूसरे पखवाड़े में भी हिसार में तापमान स्थिर नहीं रहेगा। कभी हल्की गिरावट तो कभी तेज बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इस महीने दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, जबकि रात का तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे रह सकता है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और छोटे बच्चों बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।