{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Haryana Weather : हरियाणा में आफत बन सकती है बारिश, 12 सितंबर तक सक्रिय रहेगा मानसून 

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 12 सितंबर के बाद हरियाणा में मानसून कमजोर पड़ जाएगा और इसके बाद ज्यादा बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में जिन जिलों में जलभराव हो चुका है, उनसे राहत मिल सकती है
 

हरियाणा में मौसम में लगातार परिवर्तन जारी है। हालांकि वीरवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में तेज धूप खिलने की संभावना है, लेकिन फिलहाल मानसून का ट्रफ बना हुआ है। ऐसे में 12 सितंबर तक हरियाणा के कुछ जगह पर मानसून की सक्रियता के चलते बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 12 सितंबर के बाद हरियाणा में मानसून कमजोर पड़ जाएगा और इसके बाद ज्यादा बारिश की संभावना नहीं है।

ऐसे में जिन जिलों में जलभराव हो चुका है, उनसे राहत मिल सकती है। आपको बता दे कि बुधवार को मौसम परिवर्तनशील रहा। दिन में कभी बादलवाई तो कभी तेज धूप निकलती रही। बारिश के बाद मौसम में आए परिवर्तन के बाद दिन-रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। रात का तापमान सामान्य से अधिक रहा है। शहर का अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा जो सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. एमएल खीचड़ ने बताया कि राज्य में 12 सितंबर तक मानसून की सक्रियता में थोड़ी कमी आने की संभावना है। इससे इस दौरान राज्य के पश्चिमी क्षेत्र के जिले सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद, रोहतक, झज्जर में बीच बीच में आंशिक बादलवाई तथा कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है।

दक्षिणी क्षेत्र के जिले महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद, पलक्ल में बीच बीच में आंशिक बादलवाई तथा कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर क्षेत्र के जिले अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत, सोनीपत में कहीं-कहीं हवाओं व गरज-चमक के साथ हल्की बारिश तथा कुछ एक स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। परंतु इस दौरान विशेषकर पश्चिमी व दक्षिणी हरियाणा के जिलों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।