Haryana weather : हरियाणा में बदलेगा मौसम, पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने से होगी झमाझम बारिश
हरियाणा के जिले इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। मरुस्थलीय क्षेत्रों से आ रही शुष्क और गर्म हवाओं ने तापमान में भारी उछाल ला दिया है। गर्मी के तेवर इतने प्रचंड हो गए कि दिन का पारा लगातार हिचकोले खा रहा है।
रेगिस्तानी गर्म हवाओं के कारण वातावरण से नमी पूरी तरह गायब हो गई है। दोपहर के समय तो ऐसा आलम है कि गर्मी के कारण लोगों का निकलना भी दूभर हो गया है। शहर के मुख्य बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही भी कम हो जाती है। शुक्रवार को बावल क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र में लगे भारतीय मौसम विभाग के ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन में 40.4 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में भी 25.7 डिग्री पर पहुंच गया। रेवाड़ी के साथ लगते पड़ोसी क्षेत्र नारनौल में भी स्थिति गंभीर है, जहां अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम पूर्वानुमान: 26 से 29 तक मौसम में बदलाव की उम्मीद, होगी झामझम बारिश
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य में मौसम आमतौर पर 29 अप्रैल तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान 25 अप्रैल देर रात्रि को एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की तरफ बढ़ने की संभावना है, जिसके आंशिक प्रभाव से 26 अप्रैल रात्रि से 29 अप्रैल के दौरान हरियाणा राज्य में आंशिक बादलवाई रहने तथा बीच-बीच में हवाओं में बदलाव आने की संभावना है।
इस दौरान मध्यम से तेज गति से धूलभरी हवाएं चलने तथा गरज चमक के साथ राज्य में झमाझम बारिश की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट होने तथा रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। इन बदलावों के बीच, जब बारिश होगी तो वातावरण में नमी बढ़ेगी, जिससे उमसभरी और पसीने छुड़ाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
काम की बात
लगातार बढ़ रहे तापमान को देखते हुए विशेषज्ञों ने आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी है। दोपहर में बाहर निकलने से बचें, हाइड्रेटेड रहें यानि पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस, नींबू पानी और लस्सी का सेवन करें, हल्का और सुपाच्य भोजन करें व धूप में निकलते समय सिर को ढंककर रखें और सूती कपड़े पहनें।