देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका
RNE Network.
मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में आज भारी बारिश, गरज के साथ बिजली गिरने और तेज वर्षा की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, केरल, माहे, ओडिशा तथा दक्षिण कर्नाटक के आंतरिक और तटीय क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, झारखंड, लक्षद्वीप, पश्चिम बंगाल, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और उत्तराखंड में भी गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों, हरियाणा और चंडीगढ़ में तेज बारिश की संभावना जताई है। वहीं, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कल भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, झारखंड, तेलंगाना और सिक्किम में गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है।