{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan Weather : बीकानेर में जून के आखिरी सप्ताह में 5 साल बाद फिर 44°C के करीब गर्मी, अगले 3-4 दिन भी राहत नहीं

 

 

 

 

RNE Bikaner.

 

मानसून की दस्तक में देरी के बीच बीकानेर एक बार फिर भीषण गर्मी की चपेट में है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिन बीकानेर संभाग में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हवा में नमी अधिक होने से उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी और बढ़ाएगी।

 

पिछले 15 वर्षों के मौसम रिकॉर्ड बताते हैं कि जून के आखिरी सप्ताह में 44 डिग्री या उससे अधिक तापमान का दौर बीकानेर में पांच साल बाद देखने को मिल रहा है। इससे पहले वर्ष 2021 में 29 जून को अधिकतम तापमान 44.4°C दर्ज किया गया था।

 

पिछले 15 वर्षों में जून का सर्वाधिक तापमान :

 

2024: 45.0°C (12 जून)

 

  • 2023 : 42.0°C (12 जून)

 

  • 2022: 45.4°C (2 जून)

  • 2021: 44.4°C (29 जून)

  • 2020: 47.8°C (17 जून)

  • 2019: 48.4°C (3 जून) – सर्वकालिक रिकॉर्ड

  • 2018: 47.7°C (1 जून)

  • 2017: 45.5°C (3 जून)

  • 2016: 47.6°C (7 जून)

  • 2015: 46.2°C (20 जून)

जून में सामान्य तापमान कितना रहता है ?

भारत मौसम विज्ञान विभाग के 1991-2020 के जलवायु औसत के अनुसार जून में बीकानेर का औसत अधिकतम तापमान: 41.7°C और औसत न्यूनतम तापमान: 29.4°C रहता है। औसत वर्षा: 36.9 मिमी होती है। यानी वर्तमान में अनुमानित 42 से 44 डिग्री तापमान सामान्य से अधिक रहेगा और उमस के कारण गर्मी का असर और तीखा महसूस होगा।

2 जुलाई से बदल सकता है मौसम :

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार फिलहाल मानसून की उत्तरी सीमा गुजरात, मध्यप्रदेश, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुकी है। अगले 3-4 दिनों में इसके आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल रहेंगी।

राज्य के कोटा और उदयपुर संभाग में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है, जबकि जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

2 जुलाई से दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में बारिश बढ़ने की प्रबल संभावना है। वहीं 3 से 5 जुलाई के बीच पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है।

हालांकि तब तक बीकानेर और जोधपुर संभाग में गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। अगले कुछ दिन लोगों को तेज धूप, ऊंचे तापमान और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।