{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Haryana ka Mausam : हरियाणा में मौसम विभाग ने तीन दिन का येलो अलर्ट किया जारी, इस तिथि को बदलेगा मौसम 

 

हिसार सहित पूरे हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से मिल रही आंशिक राहत अब खत्म होने वाली है। मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है और आने वाले दिनों में भीषण गर्मी व हीट वेव के थपेड़े लोगों को परेशान करने वाले हैं। मौसम विभाग ने 3 दिन का येलो अलर्ट जारी किया है।

पिछले 24 घंटों के भीतर ही हिसार में दिन के तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.0 डिग्री कम है लेकिन बढ़ते पारे ने आगामी तीखे तेवरों के संकेत दे दिए हैं।

दोपहर के समय घर से निकलना दुभर होगा

भारतीय मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 8 से 10 जून  तक राज्य में येलो अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के  मुताबिक, अब मैदानी इलाकों में तेज हीट वेव (लू) चलेगी, जिससे  दोपहर के समय घर से निकलना दूभर हो जाएगा।

8 से 11 जून तक तापमान में होगी बढ़ोतरी

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि आने वाले दिनों में लगातार मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। 10 जून को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से हरियाणा में 8 से 11 जून के दौरान तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

हालांकि, इसके बाद 12 जून को एक और नया विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे मौसम में दोबारा बदलाव की संभावना बनेगी। वहीं, 10 जून की शाम को भी स्थानीय स्तर पर मौसम में आंशिक बदलाव संभव है। तब तक लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।