{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Monsoon in Rajasthan: जोरदार एंट्री, जानिए कहां, कहां बारिश शुरू, प्रदेश के बाकी हिस्सों में कब पहुंचेगा
 

 

RNE Jaipur.

लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गुरुवार, 2 जुलाई को राजस्थान में दस्तक दे दी। मौसम विभाग के अनुसार इस बार मानसून सामान्य से 7 दिन की देरी से प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में पहुंचा है। वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा टोंक, जयपुर और अलवर से होकर गुजर रही है तथा अगले 2-3 दिनों में इसके राज्य के अन्य हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ने की संभावना है। 

इन संभागों में शुरू होगी झमाझम बारिश : 

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई जिलों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। वहीं कोटा संभाग के कुछ इलाकों में अतिभारी बारिश भी हो सकती है। 

एक सप्ताह तक सक्रिय रहेगा मानसून :

मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा। 

पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कई स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है।

जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग में लगातार वर्षा गतिविधियां बनी रहेंगी।

जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी आने वाले दिनों में आंधी और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी।

बिजली गिरने का भी खतरा : 

मानसून के आगे बढ़ने के साथ प्रदेश के कई इलाकों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है। 

कब पहुंचेगा पूरे राजस्थान में?
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में परिस्थितियां अनुकूल बनी रहेंगी, जिससे दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान के शेष हिस्सों में भी आगे बढ़ जाएगा। इसके बाद पश्चिमी राजस्थान में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है।