Monsoon Rajasthan : श्रीगंगानगर रहा सबसे गर्म, बीकानेर में मानसून कमजोर, रातें भी गरम
Rudra News Express Jaipur-Bikaner.
राजस्थान में मानसून की रफ्तार अभी भी असमान बनी हुई है। पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, लेकिन प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहा। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर और श्रीगंगानगर क्षेत्र में मानसून की सक्रियता कमजोर बनी हुई है, जिससे गर्मी और उमस का असर जारी है।
राजस्थान में कहां-कितनी बारिश :
भारत मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर की 11 जुलाई की मॉर्निंग बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान में भरतपुर, अलवर और धौलपुर जिलों के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। भरतपुर के पहाड़ी और तहसील क्षेत्र में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि अलवर जिले में भी 4 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी राजस्थान में चूरू जिले के राजगढ़-सादुलपुर में सर्वाधिक 5 सेंटीमीटर, भादरा (हनुमानगढ़) में 4 सेंटीमीटर तथा सादुलशहर (श्रीगंगानगर) में 3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
बढ़ रहा तापमान :
पश्चिमी राजस्थान का सबसे गर्म शहर श्रीगंगानगर रहा जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद जैसलमेर और फलौदी में 39.8 डिग्री, बीकानेर में 39.2 डिग्री तथा बाड़मेर में 39.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। पूर्वी राजस्थान में सबसे अधिक तापमान पिलानी में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Rajasthan Weather At A Glance :
* सबसे गर्म शहर: श्रीगंगानगर: 42.0°C*
* बीकानेर: 39.2°C / 29.5°C, वर्षा शून्य
* जैसलमेर: 39.8°C
* फलौदी: 39.8°C
* बाड़मेर: 39.0°C
* सबसे अधिक वर्षा: राजगढ़-सादुलपुर (चूरू) – 5 सेमी
* भरतपुर व अलवर के कई क्षेत्रों में 4 सेमी तक वर्षा
बीकानेर बेहाल : मानसून लापता
जुलाई का दूसरा सप्ताह शुरू होने के बावजूद बीकानेर में मानसून का इंतजार लंबा होता जा रहा है। बारिश नहीं होने से शहर में जून जैसी गर्मी का असर बना हुआ है। दिन में तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है, जबकि रातें भी अब गर्म होने लगी हैं।
भारत मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बीकानेर में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक रहने से रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली। इस अवधि में बारिश शून्य (0.0 मिमी) रिकॉर्ड की गई।
अगले 7 दिन भी राहत नहीं :
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले सात दिनों तक बीकानेर में बारिश की संभावना बेहद कम है। अधिकांश दिनों में मुख्यतः साफ या आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। किसी भी दिन के लिए फिलहाल कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
Bikaner - दिनवार पूर्वानुमान:
* 11 जुलाई: 39°/28° – आंशिक रूप से बादल, कोई चेतावनी नहीं।
* 12 जुलाई: 39°/30° – मुख्यतः साफ मौसम।
* 13 जुलाई: 40°/30° – मुख्यतः साफ मौसम।
* 14 जुलाई: 39°/27° – मुख्यतः साफ मौसम।
* 15 जुलाई: 38°/28° – आंशिक रूप से बादल।
* 16 जुलाई: 39°/30° – मुख्यतः साफ मौसम।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक मानसून पश्चिमी राजस्थान में सक्रिय नहीं होता, तब तक बीकानेर सहित आसपास के क्षेत्रों में दिन में गर्मी और रात में उमस का सिलसिला जारी रह सकता है।मौसम विभाग का संकेत है कि फिलहाल प्रदेश में मानसून की गतिविधियां स्थानीय स्तर पर बनी रहेंगी। पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में व्यापक बारिश के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है। ऐसे में बीकानेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना कम दिखाई दे रही है।
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट :
मानसून के दौर में पश्चिमी राजस्थान जहां भीषण गर्मी से जूझ रहा है वहीं 16 जुलाई तक देश के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। आईएमडी ने उत्तर, पूर्वोत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब समेत उत्तर भारत के राज्यों में भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। वहीं, अगर पहाड़ी राज्यों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अलावा अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल के गंगा वाले मैदानी इलाकों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है।
इतना ही नहीं, अगले तीन से चार दिनों के भीतर बिहार, उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय और सिक्किम सहित पूर्वोत्तर के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन को मुस्तैद रहने के भी निर्देश दिए गए हैं।
दूसरी तरफ, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक व तमिलनाडु जैसे राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लोगों को बिजली चमकने के दौरान घरों में रहने और सतर्कता बरतने की सलाह दी है।