{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Monsoon Rajasthan: बीकानेर, जोधपुर संभाग में 30 जुलाई से फिर बारिश 

 

Rudra News Express Jaipur- Bikaner.

राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के जयपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बना गहरा अवदाब (डीप डिप्रेशन) प्रदेश में बारिश की गतिविधियों को बढ़ाएगा।

मौसम विभाग के अनुसार 28 जुलाई से पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। इस दौरान मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

29 जुलाई से कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर तथा बीकानेर संभाग के कुछ और क्षेत्रों में मानसून सक्रिय होगा। दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

विभाग के अनुसार 30 जुलाई से 2 अगस्त तक पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है।

पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी 30 जुलाई से 2 अगस्त के बीच मानसून फिर सक्रिय होगा। इन क्षेत्रों में कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

09 जिलों में अगले 3 घंटे बारिश, आंधी-तूफान का अलर्ट : 

राजस्थान राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने प्रदेश के 9 जिलों के लिए तात्कालिक मौसम चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार अगले तीन घंटे के दौरान इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, बिजली गिरने तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।

अलर्ट अलवर, भरतपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़ और टोंक जिलों के लिए जारी किया गया है।

यह चेतावनी 28 जुलाई सुबह 11:29 बजे जारी की गई है, जिसकी वैधता दोपहर 2:29 बजे तक रहेगी। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।