{"vars":{"id": "127470:4976"}}

New Western Disturbance : हरियाणा में मौसम लेगा यू-टर्न, नए पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक से होगी बारिश 

हरियाणा में मौसम एक बार फिर ये यू टर्न लेने वाला है। इन दिनों मौसम के मिजाज में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है
 

हरियाणा में मौसम एक बार फिर ये यू टर्न लेने वाला है। इन दिनों मौसम के मिजाज में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। दो दिन तापमान लुढ़कने के बाद अब फिर से बढ़ने लगा है। हालांकि वर्तमान में मौसम आमतौर पर शुष्क बना हुआ है, लेकिन सुबह और शाम के समय आंशिक बादलवाही ने गर्मी के तेवरों को फिलहाल रोक रखा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अब एक बार फिर से मौसम करवट लेने वाला है, जिससे बादलवाही व तापमान में गिरावट और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

अप्रैल का पूर्वानुमान

मार्च के अंतिम दिनों से लेकर अप्रैल के पहले पखवाड़े (15 अप्रैल) तक मौसम लगातार परिवर्तनशील बना रहेगा। बीच-बीच में होने वाली बूंदाबांदी और ठंडी हवाएं भीषण गर्मी को फिलहाल दूर रखेंगी।

अप्रैल के पहले पखवाड़े तक राहत की उम्मीद

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार 23 मार्च की रात जैसे ही वर्तमान मौसम प्रणाली आगे निकलेगी, उत्तरी हवाओं के कारण तापमान में फिर से गिरावट आएगी। 25 और 28 मार्च को एक के बाद एक दो और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है।

नए पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि मार्च महीने के अंतिम दिनों में मौसम प्रणालियां लगातार सक्रिय हो रही है। इसी कड़ी में एक नया, हांलाकि थोड़ा कमजोर, पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से 23 मार्च के दौरान हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर के मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिलेगा।

विशेषकर हरियाणा के पंजाब से सटे जिलों और पश्चिमी हिस्सों में तेज हवाओं और अंधड़ के साथ बिखराव वाली हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। कुछ स्थानों पर छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

काम की बात

इस समय रबी की फसलों की कटाई और पकने का है, ऐसे में तेज हवाओं और छिटपुट ओलावृष्टि की चेतावनी किसानों के लिए चिंता का विषय हो सकती है। मौसम के इस बदलते मिजाज को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सतर्क रहने मौसम की जानकारी के अनुसार ही कटाई व कढ़ाई का कार्य करने की सलाह दी है।