{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rain in Bikaner : श्रीडूंगरगढ़ में सबसे ज्यादा 62 मिमी बारिश, महाजन में युवक की मौत, नापासर में ओले, शहर में करंट से गाय की मौत 

बीकानेर में बारिश-तूफान-ओले: युवक की मौत, करंट की चपेट में गाय; देर रात तक हंगामा
 

Rudra News Express | Bikaner

बीकानेर जिले में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी और बारिश के साथ कई इलाकों में ओलावृष्टि हुई। महाजन इलाके में तूफानी हवा के बीच बाइक असंतुलित होकर बस से जा टकराई, जिससे युवक की मौत हो गई। वहीं शहर के मोहता चौक में बिजली के पोल में करंट आने से एक गाय की मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और गौभक्तों ने बिजली कंपनी के खिलाफ विरोध जताया और देर रात तक मौके पर हंगामा चलता रहा।

 

 

नापासर के आसपास जमकर बारिश हुई। इससे सटे कल्याणसर और देवसर इलाके में बड़े-बड़े ओले गिरे और कई जगह खेतों व रास्तों पर ओलों की चादर बिछ गई। खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान हुआ। देर रात बारिश-ओलों से बड़ी तादाद में पक्षियों की मौत होने या घायल होने के भी समाचार मिले हैं। इसके साथ ही श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में भी तेज बारिश हुई। यहां प्रदेश में सबसे ज्यादा 62 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। 

आंधी में बाइक बेकाबू, बस से टकराई : 

महाजन क्षेत्र में  मौसम अचानक बिगड़ा। शेरपुरा निवासी भगवानदास का बेटा जगदीश प्रसाद अपनी फसल को बारिश से बचाने के लिए खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज तूफान में बाइक असंतुलित हो गई और बस से जा भिड़ी। हादसे में उसकी मौत हो गई। महाजन, अरजनसर, सुईं, शेरपुरा और बखुसर सहित आसपास के इलाकों में मौसम का असर देखने को मिला। शेरपुरा की रोही में बारिश के साथ ओले भी गिरे।

डूंगरगढ़ में 62 मिमी बारिश : 

मौसम विभाग के 28 सितंबर के मॉर्निंग बुलेटिन के मुताबिक पिछले 24 घंटे में पश्चिमी राजस्थान में सबसे ज्यादा 62 मिमी बारिश डूंगरगढ़ में दर्ज की गई। बीकानेर में 2 मिमी और बीकानेर पीबीओ में 3 मिमी बारिश दर्ज की गई। श्रीडूंगरगढ़ के धीरदेसर चोटियान इलाके में करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। खेतों में पानी भर गया और फसलों को नुकसान की खबरें सामने आईं।

मोहता चौक में करंट से गाय की मौत, लोगों का प्रदर्शन

बीकानेर के शहरी परकोटे में मोहता चौक पर बिजली के पोल में करंट आने से एक गाय की मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और गौभक्त मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बिजली कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की और व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस भी मौके पर पहुंची। कांग्रेस नेता संजय आचार्य के अनुसार देर रात बिजली कंपनी के अधिकारियों के साथ बातचीत हुई। इसमें अनावश्यक बिजली के खंभे हटाने, खंभों पर प्लास्टिक कोटिंग कराने और गाय के मालिक को मुआवजा देने पर सहमति बनी।

आज फिर आंधी-बारिश का अलर्ट : 

मौसम का असर सोमवार को भी बना हुआ है। बीकानेर में तेज हवा के साथ बादल छाए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं।मौसम विभाग के बुलेटिन में राज्य के कई हिस्सों में मेघगर्जन और तेज झोंकेदार हवाओं की संभावना जताई गई है। 28 सितंबर के बुलेटिन के मुताबिक कुछ स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे और कहीं-कहीं 40-50 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने की संभावना है।

तापमान गिरा : 

बीकानेर संभाग में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। बीकानेर स्टेशन का न्यूनतम तापमान 21.6°C रहा। यानी बीकानेर में गर्मी के बाद बदला मौसम अब राहत के साथ आफत भी लेकर आया है—कहीं बारिश और ओले फसलों के लिए चिंता बने हैं तो कहीं आंधी और बिजली व्यवस्था ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।