{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Rajasthan Rainfall: मानसून कमजोर, 10 से 23 तक बारिश रहेगी सामान्य से कम, तापमान भी बढ़ेगा

 

RNE Jaipur.

राजस्थान में अगले दो सप्ताह मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने के संकेत हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर द्वारा गुरुवार को जारी विस्तारित मौसम पूर्वानुमान (10 से 23 जुलाई 2026) के अनुसार, 10-11 जुलाई से राज्य में मानसून की गतिविधियां कमजोर होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा और केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

पिछले सप्ताह सामान्य से 72% अधिक बारिश :

मौसम विभाग के अनुसार 3 से 9 जुलाई के दौरान राजस्थान में कई स्थानों पर मेघगर्जन, धूलभरी आंधी, तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम तथा कुछ जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई। इस अवधि में राज्य में औसत से 72 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई।

बारिश के आंकड़े इस प्रकार रहे : 

  • राजस्थान: 45.7 मिमी (सामान्य 26.5 मिमी) — 72% अधिक
  • पूर्वी राजस्थान: 64.0 मिमी (सामान्य 38.6 मिमी) — 66% अधिक
  • पश्चिमी राजस्थान: 31.1 मिमी (सामान्य 16.9 मिमी) — 84% अधिक


अब दो सप्ताह बारिश रहेगी कम :

मौसम विभाग के अनुसार 10 से 23 जुलाई के दौरान पहले और दूसरे सप्ताह में अधिकांश स्थानों पर सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है। राज्य के कई हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और केवल छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

तापमान में होगी बढ़ोतरी :

पूर्वानुमान के अनुसार 10 से 16 जुलाई के दौरान अधिकतम तापमान अधिकांश स्थानों पर सामान्य से 1 से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है।

17 से 23 जुलाई के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है।

दोनों सप्ताह में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।


जानिए क्यों है मौसम में ये बदलाव : 

मौसम विभाग के अनुसार समुद्र तल पर ऑफ-शोर ट्रफ दक्षिण गुजरात से उत्तर केरल तक सक्रिय है।

वहीं पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से लगभग 5.8 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बना हुआ है।

इसी वजह राजस्थान में पिछले सप्ताह अच्छी बारिश के बाद अब मानसून कमजोर पड़ने के संकेत हैं। अगले दो सप्ताह में अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहेंगी और दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी महसूस हो सकती है।