Rajasthan weather Alert : नए पश्चिम विक्षोभ से राजस्थान में होगी तीन दिन बारिश, तापमान में आएगी भारी गिरावट
राजस्थान में मौसम में बदलाव आने वाला है। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 31 दिसंबर से 1 जनवरी तक बीकानेर और शेखावटी में मावठ की संभावना है, जिससे उत्तरी-पश्चिमी भागों में नए साल के पहले सप्ताह में मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है।
जिसका प्रभाव कोटपूतली बहरोड़ जिले पर भी रहेगा। पूरे दिसंबर महीने के तापमान पर नजर डालें तो जितनी सर्दी होनी चाहिए थी, उतनी अभी तक नहीं हो पाई है। हालांकि पिछले 5 दिनों से सुबह का तापमान जरूर 8 डिग्री पर पहुंचा हुआ है। लेकिन इस साल दिसंबर के 20 दिनों में चटक धूप रही।
1 दिसंबर से 24 दिसम्बर तक 4 दिन छोड़कर 20 दिन तापमान 24 डिग्री से ज्यादा रहा है। यानी, 8, 9, 10 व 11 दिसम्बर को छोड़कर दिन में चटक धूप बनी रही। पिछले साल 2024 के दिसंबर में 10 तारीख के बाद दिन का तापमान 20 डिग्री व उससे नीचे बना रहा था। 15 दिसम्बर को सबसे ठंडा दिन होकर अधिकतम तापमान 16 डिग्री तक पहुंचा था।
इस वर्ष 24 दिसम्बर के बाद रात का तापमान 8 डिग्री पहुंच पाया है। जबकि इससे पहले सिर्फ 3 दिन 9 डिग्री दर्ज हुआ। पूरे माह 12 से ज्यादा डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं पिछले साल 2024 दिसंबर में 10 डिग्री नीचे पारा 15 बार गया और सबसे कम 17 दिसंबर को 5.5 डिग्री तक पहुंच गया था। जिसके बाद लगातार पारा 10 डिग्री से नीचे बना रहा।
खेतों में पर्याप्त नमी के लिए कोहरा जरूरी
कोटपूतली कृषि सहायक निदेशक रामदयाल यादव ने बताया कि घना कोहरा खेतों में पर्याप्त नमी बनाए रखने में सहायक है। इस समय खेती के लिए दिन का सामान्य तापमान 20 डिग्री व रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे होना चाहिए। हालांकि 3-4 दिनों से यह ठीक है। इससे गेहूं, सरसों सहित अन्य रबी फसलों की बढ़वार अच्छी हो रही है। हालांकि कोहरा भी जरूरी है जो प्राकृतिक सिंचाई का काम करता है।